▼

मंगलवार, 29 सितंबर 2026

जरूरतमंदों की ओर बढ़े विधायक के हाथ, दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल तो गरीबों को मिला पेंशन का सहारा

रुद्रपुर/देवरिया। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को विकासखंड  के ब्लॉक सभागार में बहुउद्देशीय हाल मे सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी दीकार्यक्रम का शुभारंभ रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल एवं सहायक उपकरण, गरीबों को आयुष्मान कार्ड तथा वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांगजनों को पेंशन स्वीकृति पत्र प्रदान किया

 विधायक ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। किसानों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, दिव्यांगजनों और गरीब परिवारों के लिए संचालित योजनाओं से पात्र लोगों को लाभान्वित गया कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। 

इस अवसर पर प्रमुख उषा पासवान ने  खंड शिक्षा अधिकारी राजकिशोर सिंह, खंड विकास अधिकारी एजाज अहमद, दिव्यांग कल्याण अधिकारी प्रियंका, डॉ. सुशील कुमार मल्ल, विकास कुमार, भाजपा नेता छोटे सिंह, नगर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, रामसुधारे पासवान, मनोज कुमार भाटिया, विशाल द्विवेदी, धर्मेंद्र सिंह, बलवंत कनौजिया सहित अन्य लोग उपस्थित थे


[

शनिवार, 26 सितंबर 2026

तूफान अर्नव का कहर जारी, तेज हवा के साथ झमाझम बारिश

निचले इलाकों में जलभराव से बढ़ी परेशानी, बिजली गुल होने से दुकानदार और उपभोक्ता 

रुद्रपुर (देवरिया)। चक्रवाती तूफान अर्नव का असर शनिवार को भी क्षेत्र में देखने को मिला। शाम होते ही तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। लगातार बारिश के कारण नगर के निचले इलाकों में पानी जमा हो गया, जिससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो गई।

तेज हवा और बारिश के कारण सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा। कई निचले स्थानों पर पानी जमा होने से राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के बीच बाजार में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा चहल-पहल कम रही।

*बिजली गुल होने से बढ़ी परेशानी*

बारिश और तेज हवाओं के बीच बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। बिजली न रहने से दुकानदारों को अंधेरे में काम करना पड़ा। वहीं घरेलू उपभोक्ताओं को भी बिजली के साथ पानी की समस्या से जूझना पड़ा। देर तक आपूर्ति बहाल नहीं होने से लोगों में नाराजगी देखने को मिली।

लगातार बारिश और तेज हवा को देखते हुए लोगों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने की मांग की है।

बुधवार, 23 सितंबर 2026

मिशन शक्ति टीम ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध और महिला सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

रुद्रपुर (देवरिया)। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत बुधवार को रुद्रपुर नगर स्थित डीएन इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति टीम ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और शासन की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। इस दौरान विद्यार्थियों को पंपलेट वितरित कर विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।

टीम ने 102, 108, 112, 181, 1076, 1090 और 1930 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया। मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं के उत्थान के लिए संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष योजना तथा फैमिली काउंसलिंग जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। जागरूकता कार्यक्रम में उपनिरीक्षक कृष्णकांत यादव, कांस्टेबल राजेश यादव, महिला आरक्षी कंचन यादव और महिला आरक्षी अंशिका समेत मिशन शक्ति टीम मौजूद थी

चेन झपटमारी कर भाग रहीं दो महिलाएं को पुलिस ने किया गिरफ्तार

रुद्रपुर (देवरिया) रुद्रपुर पुलिस ने  बुधवार को चेन झपटमारी की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से झपटमारी में प्रयुक्त एक अदद कटर/सरौता (लोहे का) तथा पीली धातु की एक चेन बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार  रुद्रपुर कस्बे के पास रिक्शा सवार महिला से चेन झपटमारी कर दो महिलाएं भाग रही हैं। सूचना मिलते ही उ0नि0 धर्मेंद्र सिंह, का0 पवन चौधरी, का0 मनोज यादव, म0का0 किरण चौधरी और म0का0 वंदना यादवथाना स्थानीय की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों महिलाओं को पकड़ लिया गया।गिरफ्तार की गई महिला .मीरा देवी पत्नी राजेश राणा, निवासी बेलकुंडा, थाना रौनापार, जनपद आजमगढ़।चाममती देवी पत्नी नन्हे, निवासी कोलमौदीपुर, थाना महाराजगंज, जनपद आजमगढ़ की है

पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना रुद्रपुर में मु0अ0सं0 468/26, धारा 304(2)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर ने बताया कि पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित महिलाओं के विरुद्ध थाना जहानागंज और महाराजगंज में मुकदमे दर्ज है

मंगलवार, 22 सितंबर 2026

रुद्रपुर CHC में आज लगेगा वृहद आयुष्मान कार्ड शिविर, श्रमिक परिवारों को मिलेगा स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ



रुद्रपुर (देवरिया)। जिलाधिकारी के निर्देश पर शून्य गरीबी अभियान के अंतर्गत चिन्हित एवं BOCW में पंजीकृत श्रमिकों और उनके पात्र परिवारजनों के आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड बनाने के लिए 23 सितंबर को वृहद शिविर आयोजित किया जाएगा। पहले यह शिविर तहसील सभागार रुद्रपुर में प्रस्तावित था, लेकिन अब इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रुद्रपुर के मीटिंग हॉल में आयोजित किया जाएगा।

यह जानकारी स्वास्थ्य चिकित्साधिकारी बीबी सिंह ने देते हुए बताया कि  लाभार्थियों की सुविधा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को देखते हुए शिविर का स्थान बदला गया है। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाएगी। वहीं, श्रम विभाग द्वारा शून्य गरीबी अभियान में चिन्हित तथा BOCW में पंजीकृत श्रमिक परिवारों को शिविर तक पहुंचाने और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

*आधार, राशन कार्ड और मोबाइल नंबर लाना जरूरी*

स्वास्थ चिकित्साधिकारी बीबी सिंह ने बताया कि पात्र लाभार्थी को शिविर में आधार कार्ड, राशन कार्ड और मोबाइल नंबर साथ लेकर पहुंचने की अपील की गई है। इसके अलावा लाभार्थी अपने निकटतम स्वास्थ्य उपकेंद्र, CHO, आशा या एएनएम से संपर्क कर भी आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं।

श्रम विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने सभी पात्र श्रमिक परिवारों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर आयुष्मान भारत योजना का लाभ उठाएं

एक वेतन, एक हल्का के सिद्धांत पर लेखपालों ने छोड़ा अतिरिक्त हलकों का चार्ज


रुद्रपुर (देवरिया)। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर मंगलवार को रुद्रपुर तहसील में लेखपाल संघ के अध्यक्ष देवेंद्र त्रिपाठी एवं मंत्री भास्कर के नेतृत्व में लेखपालों ने अतिरिक्त हलकों से संबंधित बस्ते और चार्ज आर.के. कार्यालय में जमा कर दिया

लेखपाल संघ के अध्यक्ष देवेंद्र नाथ त्रिपाठी ने बताया  कि प्रदेश कार्यकारिणी के अगले निर्णय तक वे केवल अपने मूल हल्के का ही कार्य करेंगे।

लेखपाल संघ ने इस कदम को ‘एक वेतन, एक हल्का’ के सिद्धांत के अनुरूप बताते हुए कहा कि अतिरिक्त हलकों का कार्यभार होने से लेखपालों पर काम का दबाव बढ़ रहा था। अब अपने मूल हल्के में राजस्व संबंधी कार्यों को अधिक व्यवस्थित ढंग से पूरा करने पर ध्यान दिया जाएगा।

शनिवार, 19 सितंबर 2026

सेंट जेवियर्स विद्यालय में मिशन शक्ति टीम ने बालिकाओं को किया जागरूक


रुद्रपुर (देवरिया)। मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत शनिवार को थाना रुद्रपुर की मिशन शक्ति टीम ने सेंट जेवियर्स विद्यालय की बालिकाओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

टीम ने बताया कि 112 आपातकालीन पुलिस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस सेवा, 181 वूमेन लाइन, 1090 वूमेन पावर लाइन तथा 1930 साइबर हेल्पलाइन का जरूरत पड़ने पर उपयोग किया जा सकता है। छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव और महिला सुरक्षा से संबंधित आवश्यक सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई।इसके साथ ही मिशन शक्ति टीम ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी छात्राओं को जानकारी दी। इनमें मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित अन्य योजनाएं शामिल रहीं।

अभियान के दौरान उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल विनोद शर्मा, हेड कांस्टेबल निखिल वर्मा एवं महिला कांस्टेबल कंचन यादव मौजूद थे

शुक्रवार, 18 सितंबर 2026

49 यूपी बटालियन NCC के 102 कैडेटों ने किया राहत-बचाव का प्रदर्शन*

 सतासी इंटर कॉलेज में भूकंपरोधी मॉक ड्रिल

रुद्रपुर (देवरिया)। भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा के दौरान राहत और बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार को सतासी इंटर कॉलेज में भूकंपरोधी मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अभ्यास के दौरान विद्यार्थियों और कैडेटों को आपदा के समय सुरक्षित रहने, घायलों को बाहर निकालने तथा प्राथमिक उपचार देने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

मॉक ड्रिल में 49 यूपी बटालियन एनसीसी के 102 कैडेटों ने सक्रिय भागीदारी की। नायब सूबेदार अवतार सिंह और हवलदार सनम लंबा के नेतृत्व में कैडेटों ने भूकंप की स्थिति उत्पन्न होने पर राहत एवं बचाव कार्य का सजीव प्रदर्शन किया। कैडेटों ने मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने और राहत टीम के साथ समन्वय स्थापित करने की प्रक्रिया बताई।

आपदा में घबराहट नहीं, सूझबूझ जरूरी : राजकुमार गुप्ता

एसडीएम राजकुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भूकंप जैसी आपदा के समय सबसे जरूरी है कि लोग घबराने के बजाय शांत रहकर सही निर्णय लें। सुरक्षित स्थान की जानकारी, प्राथमिक उपचार और बचाव के तरीकों का प्रशिक्षण आपदा के समय बेहद उपयोगी साबित होता है। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य केवल अभ्यास करना नहीं, बल्कि वास्तविक आपदा के समय जान-माल की सुरक्षा के लिए लोगों को तैयार करना है।

प्रशिक्षण से बढ़ता है आत्मविश्वास : अवतार सिंह

नायब सूबेदार अवतार सिंह ने कहा कि आपदा के समय शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। यदि लोगों को बचाव के सही तरीके मालूम हों तो वे स्वयं सुरक्षित रहने के साथ दूसरों की भी मदद कर सकते हैं। एनसीसी कैडेटों को ऐसे अभ्यासों के माध्यम से अनुशासन, टीमवर्क और संकट की स्थिति में त्वरित कार्रवाई का प्रशिक्षण मिलता है।

मॉक ड्रिल के दौरान विद्यार्थियों को भूकंप के समय 'ड्रॉप, कवर और होल्ड' जैसे सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही घायलों को प्राथमिक उपचार देने, सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और फायर सर्विस व स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ समन्वय स्थापित करने का अभ्यास कराया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे आपदा संबंधी जानकारी स्वयं भी हासिल करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। 

तहसीलदार अरुण कुमार के साथ तहसील प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और फायर सर्विस की टीम ने भी मॉक ड्रिल में सहभागिता की।

गुरुवार, 17 सितंबर 2026

बथुआ रिवर फ्रंट पर प्रज्ज्वलित हुआ ‘आशीर्वाद का दीया’, गूंजा सेवा और समर्पण का संदेश

रुद्रपुर (देवरिया)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनके सार्वजनिक जीवन में ‘सेवा एवं समर्पण’ के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के बथुआ रिवर फ्रंट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया ।

मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य डॉ. रतनपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में देशहित और जनसेवा को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का आह्वान किया।

नगर पंचायत अध्यक्ष सुधा निगम ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री के प्रति जनता के स्नेह और शुभकामनाओं का प्रतीक है। उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।

कार्यक्रम में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष छ ठठे लाल निगम भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष जय बहादुर गौतम, पूर्व मंडल अध्यक्ष इंजीनियर सुशील चंद्र गुप्त, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिलीप कुमार जायसवाल, ई. अजय मल्ल, जयराम पासवान, शिवशरण वर्मा, शिवम श्रीवास्तव, भीम सोनकर, मथुरा पांडे, दीपक सिंह, अभिषेक मिश्रा, जितेंद्र यादव, सभासद राम प्रवेश भारती, सुशील निगम, सुशील मद्धेशिया, विजय यादव, टिंकू पांडे, सत्येंद्र रावत, तेज प्रताप गुप्ता उपस्थित थे

रविवार, 13 सितंबर 2026

विज्ञान और संवेदनाओं के संगम पर आधारित ‘द साइंस ऑफ हर’ का हुआ लोकार्पण

रुद्रपुर (देवरिया)।  रविवार को गेटबर्ग रेस्टोरेंट में आयोजित समारोह में डॉ. प्रत्युष कुमार भारत की पुस्तक ‘द साइंस ऑफ हर’ का  लोकार्पण किया गया। 

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आरएसएम के जिला प्रभारी जयशिव प्रताप चंद, विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के मंडलीय मंत्री वकील सिंह, पूर्व प्रवक्ता सुरेंद्र यादव, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एसएन सिंह, प्रधानाचार्य गणेश शंकर शर्मा, डॉ. संतोष यादव तथा अध्यक्षता कर रहे उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश सिंह ने मां सरस्वती और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। प्रधानाचार्य राणाप्रताप सिंह ने अतिथियों को अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया।

छोटे शहर से वैश्विक मंच तक पहुंचना युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत 

मुख्य अतिथि जयशिव प्रताप चंद ने कहा कि रुद्रपुर से शुरू हुई डॉ. प्रत्युष की शैक्षणिक यात्रा आज अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुकी है। आईआईटी बॉम्बे से पीएचडी और ईटीएच ज्यूरिख में पोस्ट-डॉक्टोरल रिसर्च के माध्यम से उन्होंने विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। पुस्तक लेखन के क्षेत्र में उनका कदम युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।

एसएन सिंह ने कहा कि छोटे शहर से निकलकर वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने वाले डॉ. प्रत्युष की उपलब्धियां नई पीढ़ी को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा देती हैं। सुरेंद्रदेव मिश्र ने कहा कि ‘द साइंस ऑफ हर’ विज्ञान और मानवीय संवेदनाओं के बीच संबंध को नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत करती है। डॉ. मिथिलेश सिंह ने कहा कि डॉ. प्रत्युष की उपलब्धियां रुद्रपुर के लिए गौरव का विषय हैं।

पुस्तक के लेखक डॉ. प्रत्युष कुमार भारत ने कहा कि विज्ञान को अक्सर केवल तर्क और समीकरणों की दुनिया के रूप में देखा जाता है, जबकि मनुष्य का जीवन संवेदनाओं से भी संचालित होता है। ‘द साइंस ऑफ हर’ में उन्होंने विज्ञान, तर्क, भावनाओं और रिश्तों के बीच इसी संबंध को अपने दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने का प्रयास किया है।

 समारोह को सुरेंद्र यादव, डॉ. संतोष यादव, वकील सिंह, गणेश शंकर शर्मा, रविकांत मणि त्रिपाठी, बृजेश सिंह और ब्रह्मानंद गोंड ने भी संबोधित किया।

मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को लेकर सेवा संकल्प अभियान की बनी कार्ययोजना

विधायक जयप्रकाश ने तीनों मंडलों की कार्य शालाओं में लिया हिस्सा, कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी

रुद्रपुर (देवरिया)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए रविवार को विधानसभा क्षेत्र रुद्रपुर के तीनों मंडलों में कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। पूर्व मंत्री एवं रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद ने रामलक्षन, पकड़ी बाजार और रुद्रपुर देहात मंडल की कार्यशालाओं में पहुंचकर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत कार्ययोजना तैयार की। तथा कार्यशालाओं में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अभियान के दौरान होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, उनके सेवा कार्यों तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर विधायक जयप्रकाश निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है। पिछले 25 वर्षों में उन्होंने संगठन से लेकर सरकार तक अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए देश को नई दिशा देने का कार्य किया है। उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होना प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने और सेवा की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें।

विधायक ने कार्यकर्ताओं से अभियान को पूरी सक्रियता और अनुशासन के साथ सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की ताकत कार्यकर्ता हैं। सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं।

शनिवार, 12 सितंबर 2026

संत गणिनाथ जयंती पर वैश्य समाज ने लिया एकजुटता का संकल्प

रुद्रपुर (देवरिया)। शनिवार को मंदिर के समीप स्थित बहुउद्देशीय हाल में मध्यदेशीय कांदू/हलवाई वैश्य महासभा के तत्वावधान में  संत गणिनाथ महाराज की जयंती एवं पूजनोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान सांस्कृतिक आयोजित किया गया जहा  प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने सामाजिक एकजुटता पर जोर देते हुए शिक्षा, रोजगार तथा सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में वैश्य समाज की भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भटनी के चेयरमैन विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि वैश्य समाज देश व समाज को दिशा देने का कार्य करता है। समाज को कमजोर करके आंकना बड़ी भूल होगी। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज के महात्मा गांधी ने बैरिस्टर की पढ़ाई छोड़कर अंग्रेजों के खिलाफ व्यापक आंदोलन चलाया और देश को आजाद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर शिक्षा और रोजगार के साथ सामाजिक एवं राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष माया शंकर निगम, जिलाध्यक्ष हारिका सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम को पूर्व अध्यक्ष सुवास चन्द मद्देशिया अवधेश मद्धेशिया, दुर्गेश मद्धेशिया, आलोक गुप्ता, आशीष मोदनवाल, दिनेश मद्धेशिया, राजू मद्धेशिया, रामानंद मद्धेशिया, उद्धव गुप्ता, सुधाकर गुप्ता समेत अन्य लोगों ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष डॉ. विजय कांदू ने की, जबकि संचालन कार्यक्रम के संरक्षक एवं पूर्व चेयरमैन सुभाष चंद्र मद्धेशिया ने किया। 


बुधवार, 9 सितंबर 2026

हाई रिस्क गर्भवती की आशा और एएनएम करें विशेष निगरानी. वी वी सिंह

गर्भवती महिला की मौत के बाद विशुनपुर बगही पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम, किया डेथ ऑडिट

रुद्रपुर (देवरिया)। उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था (हाई रिस्क प्रेग्नेंसी) के मामलों में जच्चा-बच्चा की सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

बुधवार को गर्भवती महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम विशुनपुर बगही गांव पहुंची और डेथ ऑडिट कर घटना से जुड़े कारणों की जानकारी जुटाई।

सीएचसी अधीक्षक डा. बीवी सिंह ने कहा कि हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की समय से पहचान करना बेहद जरूरी है। ऐसी गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच और फॉलोअप में आशा कार्यकर्ता व एएनएम की महत्वपूर्ण भूमिका है। आशा कार्यकर्ता गर्भवती महिला के संपर्क में रहें और प्रत्येक वीएचएनडी सत्र पर उसे लाकर एएनएम के माध्यम से आवश्यक जांच कराएं।

उन्होंने कहा कि हाई रिस्क गर्भवती की शेष जांच सीएचसी पर कराना, जरूरत के अनुसार आयरन सुक्रोज उपलब्ध कराना तथा गंभीर स्थिति में समय से उच्च स्वास्थ्य केंद्र के लिए रेफर कराना आशा कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। सुरक्षित प्रसव के उपरांत आशा कार्यकर्ता को 2050 रुपये प्रोत्साहन राशि भी देय है।

 इस दौरान डा. राजेश सिंह, बीएचडब्ल्यू विकास कुमार, एआरओ जय प्रकाश यादव, बीसीपीएम वीरेंद्र सान्याल, एएनएम माया देवी और आशा मीना देवी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद थे

शनिवार, 5 सितंबर 2026

विश्व फिजियोथेरेपी दिवस पर आज लगेगा निःशुल्क चिकित्सा शिविर



रुद्रपुर देवरिया। विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के शुभ अवसर पर देवरिया के समस्त फिजियोथेरेपिस्टों के सहयोग से निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन रविवार को पैकोली कुटी के प्रांगण मे  किया जायेगा शिविर में लोगों को फिजियोथेरेपी से संबंधित समस्याओं के लिए निःशुल्क सलाह एवं परामर्श दिया जाएगा। शिविर सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक रहेगा। इस दौरान विशेषज्ञ फिजियोथेरेपिस्ट मरीजों की समस्याओं को  उपचार संबंधी मार्गदर्शन देंगे।शिविर का उद्देश्य लोगों को फिजियोथेरेपी के प्रति जागरूक करना तथा हड्डी, जोड़, मांसपेशियों और शारीरिक गतिशीलता से जुड़ी समस्याओं में उचित परामर्श उपलब्ध कराना है। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से शिविर में पहुंचकर इस निःशुल्क सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।

प्रमुख आयोजक/पदाधिकारी: डॉ. डी.के. पाण्डेय, डॉ. के.डी. मिश्रा, डॉ. सतीश जायसवाल, डॉ. नरेन्द्र त्रिपाठी एवं डॉ. मो. एकराम।

छात्रवृत्ति कैंप में 55 विद्यार्थियों ने बताई समस्याएं, 10 का मौके पर हुआ समाधान


रुद्रपुर (देवरिया)। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को रुद्रपुर तहसील क्षेत्र के सत्तासी इंटर कॉलेज में छात्रवृत्ति कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में विभिन्न वर्गों के कुल 55 छात्र-छात्राएं अपनी छात्रवृत्ति संबंधी समस्याओं को लेकर पहुंचे। इनमें से 10 विद्यार्थियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया गया।

कैंप में छात्र-छात्राओं के छात्रवृत्ति आवेदन में आ रही विभिन्न तकनीकी एवं प्रमाण पत्र संबंधी दिक्कतों का निराकरण कराया गया। वहीं नवीनीकरण के 35 छात्र-छात्राओं का डाटा अग्रसारित कराया गया।

कैंप में संबंधित शिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य, क्षेत्रीय लेखपाल, कानूनगो और तहसील स्तर के कंप्यूटर ऑपरेटर सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक अभिलेख एवं बैंक खाते की जानकारी सही रखने के संबंध में भी जानकारी दी।