व्यवस्थाओं का लिया जायजा साफ सफाई का दिया निर्देश
रुद्रपुर/देवरिया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने रविवार को रुद्रपुर क्षेत्र स्थित एकौना थाने का औचक निरीक्षण कर थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, नए बैरक और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने रिक्रूट आरक्षियों से बातचीत कर उनकी सुविधाओं और दैनिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने उप निरीक्षकों से क्षेत्र की कानून व्यवस्था, थाना क्षेत्र की गतिविधियों और संवेदनशील बिंदुओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
पुलिस अधीक्षक ने नव निर्मित बैरक एवं कार्यालय का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना प्रभारी आनंद पांडे को परिसर में साफ-सफाई, अनुशासन और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा।
इस दौरान उन्होंने कहा कि थाना परिसर की स्वच्छता और बेहतर कार्य वातावरण पुलिस कर्मियों की कार्यक्षमता को प्रभावित करता है, इसलिए नियमित साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का सुदृढ़ होना आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान थाना पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


































