मंगलवार, 28 जुलाई 2026

चाइल्ड डेथ ऑडिट टीम ने दीनापार पहुंचकर किया नवजात मृत्यु प्रकरण का सत्यापन

डॉक्टर ने सुरक्षित संस्थागत प्रसव पर दिया जोर

रुद्रपुर (देवरिया)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर के अंतर्गत मंगलवार को चाइल्ड डेथ ऑडिट टीम ने ग्राम दीनापार पहुंचकर नवजात मृत्यु से संबंधित प्रकरण की समीक्षा की। जिला मातृत्व स्वास्थ्य परामर्शदाता विश्वनाथ मल्ल के नेतृत्व में टीम ने परिजनों से घटना की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।

टीम के साथ अधीक्षक डॉ. बी. वी. सिंह एवं स्वास्थ्य पर्यवेक्षक विकास गौतम भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परिजनों को सुरक्षित मातृत्व एवं नवजात शिशु की देखभाल के संबंध में जागरूक करते हुए भविष्य में सभी गर्भवती महिलाओं का प्रसव सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों, विशेषकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराने की अपील की।

ऑडिट के दौरान बताया गया कि ग्राम दीनापार निवासी किरण कुशवाहा, पत्नी सुग्रीव कुशवाहा, का 3 जुलाई को एक निजी अस्पताल में प्रसव हुआ था। उसी दिन रात में नवजात शिशु की मृत्यु हो गई थी। शासन के निर्देशानुसार ऐसे प्रत्येक प्रकरण का चाइल्ड डेथ ऑडिट कर कारणों की समीक्षा एवं आवश्यक सुधारात्मक पहल की जाती है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि गर्भवती महिलाओं को समय पर सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पंजीकरण कराकर नियमित जांच एवं संस्थागत प्रसव कराना चाहिए, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें