रुद्रपुर (देवरिया)। संपूर्ण समाधान दिवस में पूर्व सभासद सच्चिदानंद उर्फ गुड्डन शुक्ला ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर दुग्धेश्वरनाथ मंदिर परिसर स्थित पोखरे की सफाई कराने और नगर पंचायत की कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग की।
पत्रक में पूर्व सभासद ने आरोप लगाया है कि दुग्धेश्वरनाथ मंदिर स्थित दोनो पोखरे मे लंबे समय से गंदगी फैली हुई है, जिससे पोखरे में रहने वाली मछलियां मर रही हैं। उनका कहना है कि नगर पंचायत प्रशासन को कई बार अवगत कराने के बावजूद अब तक सफाई की प्रभावी व्यवस्था नहीं कराई गई है।
शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत द्वारा संचालित गेस्ट हाउस एवं बहुद्देशीय हाल की बुकिंग में श्रद्धालुओं से निर्धारित शुल्क से अधिक धन उगाही की जा रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व सभासद सच्चिदानंद उर्फ गुड्डन शुक्ला ने जिलाधिकारी से मांग की कि मंदिर परिसर की साफ-सफाई तत्काल कराई जाए, पोखरे में फैली गंदगी हटाकर श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित की जाए तथा गेस्ट हाउस व बहुद्देशीय हाल की बुकिंग प्रक्रिया की जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें