सोमवार, 17 अगस्त 2026

लाभांश बढ़ने से बढ़ा कोटेदारों का सम्मान, अन्नपूर्णा भवन से बढ़ेंगे आय के अवसर जय प्रकाश निषाद



रुद्रपुर (देवरिया)। उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि की घोषणा को लेकर मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण सोमवार को रुद्रपुर के ब्लाक सभागार में पूर्व मंत्री एवं विधायक जयप्रकाश निषाद की उपस्थिति में किया गया। उप जिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता ने अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में मौजूद उचित दर विक्रेताओं ने लखनऊ स्थित लोक भवन से मुख्यमंत्री के संबोधन और लाभांश वृद्धि की घोषणा का सजीव प्रसारण देखा और सुना।

मुख्यमंत्री की घोषणा पर उचित दर विक्रेताओं ने प्रसन्नता जताते हुए सरकार के निर्णय का स्वागत किया। विधायक जयप्रकाश निषाद ने कहा कि उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि से उनका सम्मान बढ़ा है। यह निर्णय कोटेदारों के लिए आर्थिक रूप से भी लाभकारी साबित होगा। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कोटेदारों के मान-सम्मान में वृद्धि हुई है और जनता का विश्वास भी उनके प्रति मजबूत हुआ है।

उन्होंने कहा कि अब अन्नपूर्णा भवनों के माध्यम से उचित दर विक्रेता 39 प्रकार की खाद्य एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं का विक्रय कर सकेंगे। इससे उनकी आय के अवसर बढ़ेंगे। कोटेदारों के लिए अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें वेयरहाउस की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे आवश्यक वस्तुओं का सुरक्षित भंडारण करने के साथ ही उनका स्वतंत्र रूप से विक्रय किया जा सकेगा।

विधायक ने कहा कि उचित दर विक्रेताओं के प्रयासों से खाद्यान्न वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ी है और शिकायतों में भी कमी आई है। उन्होंने सभी कोटेदारों से आगे भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

एसडीएम राजकुमार गुप्ता ने कहा कि उचित दर विक्रेता सीधे जरूरतमंद उपभोक्ताओं से जुड़े होते हैं। वे प्रशासन और उपभोक्ताओं के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। लाभांश में वृद्धि से उनका मनोबल बढ़ेगा और वे भविष्य में और बेहतर तरीके से कार्य कर सकेंगे।

पूर्ति निरीक्षक गुफरान शेख ने उचित दर विक्रेताओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में भी कोटेदारों ने धैर्य और साहस का परिचय दिया है। कोरोना काल में भी उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को खाद्यान्न, नमक, तेल सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं का वितरण सुनिश्चित किया। उनका यह योगदान सराहनीय है।

कार्यक्रम के अंत में पूर्ति निरीक्षक ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और उचित दर विक्रेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें