सोमवार, 3 अगस्त 2026

श्रावण मास में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, दुग्धेश्वरनाथ मंदिर का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

 

रुद्रपुर (देवरिया)। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सोमवार को क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सत्येंद्र राय ने प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर के साथ पुलिस बल सहित प्रसिद्ध दुग्धेश्वरनाथ मंदिर और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, कंट्रोल प्वाइंट, पार्किंग स्थल तथा कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में चल रहे सुरक्षा अभियान के तहत पूरे श्रावण मास में पुलिस अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहकर कानून-व्यवस्था की निगरानी करेंगे। एसपी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें