गुरुवार, 14 मई 2026

10 पोलों का विद्युत तार चोरी, अवर अभियंता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

इसके पूर्व भी हुआ था तार चोरी का मुकदमा दर्ज

रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तारासरा के पास अज्ञात चोरों द्वारा 11 केवी वर्ल्ड बैंक पोषक फीडर का विद्युत तार काटकर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। चोरों ने लगभग 10 स्पैन का तार काट लिया, जिससे बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई।

जानकारी के अनुसार संविदा लाइनमैन द्वारा सूचना मिलने पर 33/11 केवी रुद्रपुर ग्रामीण के अवर अभियंता कृष्ण मोहन यादव ने रुद्रपुर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि सोमवार को अज्ञात चोरों ने वर्ल्ड बैंक पोषक 11 केवी फीडर से लगभग 10 स्पैन तार काटकर चोरी कर लिया। घटना के दौरान दो पोल भी क्षतिग्रस्त हो गए।

पुलिस ने अवर अभियंता की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध धारा 303(2) व 324(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर ने बताया कि अवर अभियंता की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।


गौरतलब है कि इससे पूर्व भी रुद्रपुर-देवरिया मार्ग पर ग्राम इमलिया से कोयलगढ़हा के बीच अज्ञात चोरों द्वारा विद्युत तार काटने की घटना सामने आई थी। उस मामले में भी मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन अब तक आरोपियों का पता नहीं चल सका है।


सूत्रों के अनुसार इमलिया क्षेत्र में पहले से कटी और डेड लाइन का तार अभी भी जमीन पर पड़ा हुआ है, जिस पर विभाग द्वारा संज्ञान नहीं लिया जा रहा है। इससे भविष्य में किसी दुर्घटना की आशंका भी जताई जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें