गुरुवार, 14 मई 2026

विद्युत विभाग द्वारा मेगा कैंप का आयोजन, उपभोक्ताओं की समस्याओं का होगा समाधान

 15 मई से 22 मई तक निर्धारित स्थान पर लगेगा कैम्प

रुद्रपुर। विद्युत वितरण खंड गौरी बाजार के अंतर्गत उपकेंद्र रुद्रपुर क्षेत्र में उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बिजली विभाग द्वारा मेगा कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस कैंप के माध्यम से बिजली उपभोक्ताओं की विभिन्न समस्याओं का एक ही स्थान पर समाधान किया जाएगा।

कैंप में नए विद्युत कनेक्शन के आवेदन, बिजली बिल भुगतान एवं बकाया से संबंधित समस्याएं, लोड वृद्धि, मीटर जांच एवं खराबी संबंधी आवेदन, नाम परिवर्तन तथा अन्य शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा।

उपखंड अधिकारी रुद्रपुर चंदन जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि मेगा कैंप का आयोजन अलग-अलग तिथियों पर विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में उपभोक्ताओं से पहुंचकर इस सुविधा का लाभ लेने की अपील की है।

कैंप का आयोजन सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 मई को मदनपुर के मठिया में, 16 मई को नकईल में, 18 मई को रुद्रपुर पुराना चौक, 19 मई को जोगम पंचायत भवन, 20 मई को जमुनी चौराहा, 21 मई को मदनपुर यूनियन बैंक के पास तथा 22 मई को तिवई में मेगा कैंप लगाया जाएगा।


बिजली विभाग ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे कैंप में पहुंचकर अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान कराएं और विभाग द्वारा दी जा रही सुविधाओं का लाभ उठाएं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें