शनिवार, 30 मई 2026

नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने वाली छात्राओं का हुआ सम्मान

शिक्षा के साथ प्रतिभा निखारना  विद्यालय का उद्देश्य निदेशक मनोज कुमार

रुद्रपुर देवरिया रुद्रपुर पिड़रा मार्ग स्थित एल.बी.आर. पब्लिक स्कूल में शनिवार को 23वीं नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन करने वाली छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने मेडल विजेता छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय के प्रबंधक विजय कुमार यादव और निदेशक मनोज कुमार यादव ने छात्राओं को माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। 

गौरतलब है कि 16 एवं 17 मई को कानपुर में आयोजित 23वीं नेशनल ताइक्वांडो चैंपियन शिप-2026 में विद्यालय की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया था।

प्रतियोगिता में कक्षा नौ की छात्रा शीतल विश्वकर्मा ने 40 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। वहीं कक्षा छह की छात्रा आर्या निषाद ने 38 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल किया। इसके अलावा कक्षा चार की छात्रा अनन्या साहनी ने 30 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

इस अवसर पर प्रबंधक विजय कुमार यादव ने कहा कि विद्यालय परिवार विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खेलकूद की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं, इसलिए विद्यार्थियों को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

निदेशक मनोज कुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से प्रशिक्षक विशाल कुमार के मार्गदर्शन में एल.बी.आर. स्पोर्ट्स एकेडमी की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।

प्रधानाचार्य अभय कुमार श्रीवास्तव ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। वहीं समन्वयक विक्रम यादव एवं नितेश शर्मा ने भी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रशिक्षक विशाल कुमार के योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

सहनकोट माता मंदिर के पास युवक गिरफ्तार, तमंचा व कारतूस किया बरामद

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे रुद्रपुर, देवरिया। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुद्रपुर पुलिस ने एक युवक को अवैध असलहे ...