रुद्रपुर देवरिया। जिलाधिकारी ने गुरुवार को आयोजित जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जनसमस्याओं के समाधान के लिए नई पहल करते हुए जूम लिंक और व्हाट्सएप व्यवस्था शुरू कराई।
जिलाधिकारी ने अपने कार्यकक्ष में राजस्व विभाग के अधिकारियों की जूम लिंक तैयार कराई है, जिसके माध्यम से जमीन व राजस्व संबंधी मामलों में संबंधित अधिकारियों से सीधे संवाद कर मौके पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही अधिकारियों के सीयूजी नंबर के व्हाट्सएप पर भी प्रकरण भेजने की व्यवस्था शुरू की गई है, ताकि शिकायतों का तेजी से निस्तारण हो सके।
फरियादी दिव्यांग को जिलाधिकारी नेभेंट किया फल का पैकेट
जनता दर्शन के दौरान ग्राम हरपुर निजाम निवासी दिव्यांग दंपति रहमत अली और खुशबून अपनी जमीन संबंधी समस्या लेकर पहुंचे। उनकी दिव्यांगता को देखते हुए जिलाधिकारी स्वयं उनके पास गए और उन्हें फल का पैकेट भेंट किया। इसके बाद सदर एसडीएम को निर्देश दिया कि राजस्व निरीक्षक और दो लेखपालों की टीम के साथ मौके पर जाकर उसी दिन जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने दंपति से सरकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी भी ली। पता चला कि खुशबून को दिव्यांग पेंशन नहीं मिल रही है। इस पर उन्होंने जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी को तत्काल बुलाकर आवश्यक अभिलेख प्राप्त कर पेंशन स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। वहीं दंपति की दो वर्षीय बच्ची को आंगनबाड़ी केंद्र से जोड़ने के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी आदिश मिश्रा को निर्देशित किया।
जिलाधिकारीमें 4 वर्षीय अंशिकाकोआंगनबाड़ी केंद्र से जोड़ने का दिया निर्देश
इसी क्रम में विकास खंड सलेमपुर के ग्राम जयराम कौड़िया निवासी सीता देवी पत्नी दिनेश कनौजिया अपनी जमीन विवाद की शिकायत लेकर पहुंचीं। उनके साथ आई चार वर्षीय बच्ची अंशिका को देखकर जिलाधिकारी ने उसकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। बच्ची के स्कूल न जाने की जानकारी मिलने पर डीएम ने उसे आंगनबाड़ी केंद्र से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों के बौद्धिक विकास के लिए आंगनबाड़ी केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता और प्राथमिकता बरती जाए तथा हर शिकायत का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें