रुद्रपुर देवरिया नगर पंचायत भलुअनी में करोड़ों की लागत से तैयार मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर निर्माण के करीब 16 माह बाद भी शुरू नहीं हो सका है। सोमवार को उपजिलाधिकारी बरहज हरिशंकर लाल के औचक निरीक्षण में लापरवाही की परतें खुल गईं। केंद्र पर न तो बिजली का कनेक्शन मिला और न ही सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इससे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की पूरी व्यवस्था ठप पड़ी मिली।
बिजली कनेक्शन और सीसीटीवी तक नहीं, जल्द संचालन शुरू कराने के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने इस स्थिति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि विद्युत कनेक्शन, सीसीटीवी कैमरे सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल पूरी कर एमआरएफ सेंटर का संचालन शुरू कराया जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी स्वच्छता योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण पूरा होने के बावजूद केंद्र का संचालन शुरू न होना गंभीर मामला है और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर नगर पंचायत क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए, ताकि स्वच्छता अभियान के उद्देश्यों को धरातल पर उतारा जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें