शुक्रवार, 24 जुलाई 2026

रुद्रपुर - नरायणपुर असवनपार मार्ग पर नगवा के समीप धंसी सड़क, आवागमन पर संकट

रुद्रपुर (देवरिया)। रुद्रपुर  नारायनपुर–असवनपार मार्ग पर नगवा गांव के समीप सड़क का बड़ा हिस्सा धंस जाने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है। सड़क लगभग पांच मीटर चौड़ी और करीब एक मीटर गहरी धंस गई है, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

यह मार्ग क्षेत्र के दर्जनों गांवों को रुद्रपुर तहसील मुख्यालय से जोड़ता है। सड़क धंसने के कारण चार पहिया वाहनों के साथ-साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है। रात के समय स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, क्योंकि धंसे हुए हिस्से पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था या चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए हैं।

पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह और वरिष्ठ नेता खोखा सिंह ने सड़क की बदहाल स्थिति पर गहरी चिंता जताते हुए शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष बरसात में इस मार्ग की स्थिति खराब हो जाती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई प्रयास नहीं किया जाता। इससे क्षेत्र की जनता को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

पूर्व विधायक ने कहा कि प्रशासन को अपनी "अचेतन अवस्था" से बाहर निकलकर जनसमस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर होना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभाग और अधिकारियों से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने, धंसे हुए हिस्से को सुरक्षित बनाने तथा आवागमन को सुचारु करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई और कोई दुर्घटना होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि कई दिनों से सड़क क्षतिग्रस्त होने के बावजूद संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी केवल निरीक्षण तक सीमित रहते हैं, जबकि समस्या जस की तस बनी हुई है।ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए इस मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

फैंसी ड्रेस में बच्चों ने बिखेरे विविध रंग, भारत माता से लेकर श्रीराम तक बने नन्हे कलाकार

रुद्रपुर (देवरिया)। एल.बी.आर. पब्लिक स्कूल में मंगलवार को नर्सरी से कक्षा तृतीय तक के छात्र-छात्राओं के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन...