बुधवार, 27 मई 2026

डीएम का आदेश बेअसर! रुद्रपुर में धड़ल्ले से चल रहा अवैध मिट्टी खनन

पुलिस-खनन माफिया गठजोड़ पर उठे सवाल दोआबा क्षेत्र में मिट्टी कटान से बढ़ सकता है खतरा

रुद्रपुर/देवरिया। रुद्रपुर नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध मिट्टी खनन का कारोबार इन दिनों खुलेआम फल-फूल रहा है। आरोप है कि संबंधित थानों की पुलिस की कथित मिलीभगत के चलते खनन माफिया बेखौफ होकर जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मिट्टी खनन करा रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों का भी जमीनी असर दिखाई नहीं दे रहा।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि एक ओर आम व्यक्ति जरूरत पड़ने पर मिट्टी कटान या खनन की अनुमति को लेकर कोतवाली पहुंचता है तो उसे नियम-कानून बताकर खनन विभाग के पास भेज दिया जाता है, वहीं दूसरी तरफ खनन माफिया कथित संरक्षण में खुलेआम अवैध खनन को अंजाम दे रहे हैं।

एसडीएम बोले- अभियान चलाकर होगी कार्रवाई

गौरतलब है कि रुद्रपुर दोआबा क्षेत्र में शामिल है, जहां हर वर्ष बाढ़ जैसी परिस्थितियां उत्पन्न होती रहती हैं। ऐसे क्षेत्र में अनियंत्रित मिट्टी खनन भविष्य में बड़े खतरे का कारण बन सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मिट्टी कटान से भूमि कमजोर होने और प्राकृतिक संतुलन बिगड़ने का खतरा बढ़ सकता है।

क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि खनन माफियाओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। यदि किसी बड़े अधिकारी स्तर से शिकायत होती भी है तो केवल औपचारिक कार्रवाई कर मामले को शांत कर दिया जाता है। लोगों का कहना है कि पूर्व में तैनात थाना प्रभारी के कार्यकाल में खनन माफियाओं की इतनी हिम्मत नहीं थी कि मिट्टी की एक ट्रॉली भी बिना कार्रवाई के निकल सके, लेकिन अब हालात बदलते नजर आ रहे हैं।हालांकि प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेने की बात कही है।

संबंध में एसडीएम अवधेश निगम ने कहा कि जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देश हैं कि अवैध मिट्टी खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अभियान चलाकर अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से अवैध मिट्टी खनन में शामिल लोगों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो आने वाले समय में यह बड़ी समस्या का रूप ले सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

अपराधियों पर पुलिस की सख्ती चार की हिस्ट्रीशीट खुली, दो पर गुंडा एक्ट

रुद्रपुर देवरिया। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में पुलिस ने व...