सोमवार, 24 अगस्त 2026

आदर्श चौराहा से बस स्टेशन तक दो घंटे रेंगते रहे वाहन, जिम्मेदार बने रहे मूकदर्शक

 बैठक में बनती है जाम से निजात की योजना, सड़क पर बेअसर

रुद्रपुर, देवरिया। छोटी काशी रुद्रपुर में सावन के अंतिम सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच नगर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। आदर्श चौराहा से बस स्टेशन तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब दो घंटे तक वाहन रेंगते रहे। जाम में फंसे राहगीरों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम के दौरान जिम्मेदारों की सक्रियता नजर नहीं आई।

नगर में अतिक्रमण और बेतरतीब यातायात के कारण आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। इससे निजात दिलाने के लिए तहसील सभागार में नगर पंचायत और व्यापारियों के साथ कई बार बैठकें हो चुकी हैं। हर बैठक में जाम और अतिक्रमण से मुक्ति के लिए कार्ययोजना बनाने और उसे धरातल पर लागू करने की बात कही जाती है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।

बैठक में वादे, सड़क पर नहीं दिखता असर

नगर पंचायत की ओर से तहसील सभागार में व्यापारियों और जिम्मेदार अधिकारियों के साथ कई बार बैठक कर यातायात व्यवस्था सुधारने की योजना बनाई गई। नवागत उपनिरीक्षक ने भी जाम से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की बात कही थी। वहीं एसडीएम ने पूर्व में तैयार कार्ययोजना को अमल में लाने का भरोसा दिया था। इसके बावजूद प्रमुख चौराहों पर जाम की समस्या से लोगों को राहत नहीं मिल रही है।

इन स्थानों पर रोजाना परेशानी

नगर के मेन मार्केट, जमुनी चौराहा, आदर्श चौराहा, खजुआ चौराहा, बस स्टेशन और इमामबाड़ा क्षेत्र में जाम की समस्या आम हो गई है। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहन, दुकानों के सामने अतिक्रमण और बढ़ता यातायात समस्या को और गंभीर बना रहा है।

श्रद्धालुओं की भीड़ ने बढ़ाई मुश्किल

सोमवार को सावन के अंतिम सोमवार के चलते छोटी काशी स्थित दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में हजारों श्रद्धालु पहुंचे। इससे नगर में वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया। आदर्श चौराहा से बस स्टेशन तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में एंबुलेंस, स्कूली वाहन और जरूरी काम से निकले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी।

लोगों का सवाल—कब धरातल पर उतरेगी कार्ययोजना?

नगरवासियों का कहना है कि बैठकों में बार-बार जाम और अतिक्रमण से निजात दिलाने की योजनाएं बनाई जाती हैं, लेकिन कार्रवाई कुछ दिनों बाद फिर ठंडे बस्ते में चली जाती है। लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान के लिए अतिक्रमण हटाने, पार्किंग की व्यवस्था करने और प्रमुख चौराहों पर यातायात कर्मियों की तैनाती की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

तूफान अर्नव का कहर जारी, तेज हवा के साथ झमाझम बारिश

निचले इलाकों में जलभराव से बढ़ी परेशानी, बिजली गुल होने से दुकानदार और उपभोक्ता  रुद्रपुर (देवरिया)। चक्रवाती तूफान अर्नव का असर शनिवार को भ...