निरीक्षण मे नर्सरी से कक्षा 10 तक संचालित हो रहीं थीं कक्षाएं, करीब 150 बच्चे मिले अध्ययनरत
रुद्रपुर देवरिया । विकासखंड रुद्रपुर के नगवा खास में बिना मान्यता संचालित हो रहे सूर्या पब्लिक स्कूल पर शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। सोमवार को सूचना मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी राज किशोर सिंह ने विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में नर्सरी से कक्षा 10 तक की कक्षाएं बिना मान्यता के संचालित होती मिलीं। विद्यालय में करीब 150 बच्चे अध्ययनरत पाए गए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन के पास विद्यालय संचालन के लिए आवश्यक मान्यता नहीं मिली। इस पर खंड शिक्षा अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से विद्यालय बंद करने का नोटिस जारी किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों का नामांकन नजदीकी परिषदीय अथवा मान्यता प्राप्त विद्यालय में कराया जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
आरटीई अधिनियम के विपरीत संचालन
खंड शिक्षा अधिकारी राज किशोर सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह निरीक्षण के दौरान विद्यालय बिना मान्यता के नर्सरी से कक्षा 10 तक संचालित पाया गया। उन्होंने कहा कि बिना मान्यता विद्यालय का संचालन बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। यह शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 एवं संबंधित नियमावली के प्रावधानों के विपरीत है। विभाग की ओर से पूर्व में भी बिना मान्यता विद्यालय संचालित नहीं करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उनका पालन नहीं किया गया।
तीन दिन में देना होगा शपथ पत्र
नोटिस में विद्यालय प्रबंधन को तत्काल विद्यालय का संचालन बंद करने तथा बच्चों का प्रवेश नजदीकी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही विद्यालय बंद किए जाने की सूचना शपथ पत्र के माध्यम से तीन दिन के भीतर खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा गया है। निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें