वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
रुद्रपुर देवरिया जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दर्शन के दौरान फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान पहली बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिकायतों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का निस्तारण सभी अधिकारियों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी निर्धारित जनता दर्शन अवधि में अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या को लेकर बड़ी उम्मीद के साथ सरकारी कार्यालयों तक पहुंचता है। ऐसे में अधिकारियों का दायित्व है कि वे संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ शिकायतों का निस्तारण कर आमजन का विश्वास अर्जित करें।
जिलाधिकारी ने आईजीआरएस सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही निर्देश दिया कि शिकायतों की जांच में पारदर्शिता और वास्तविकता का विशेष ध्यान रखा जाए।
जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी एक-एक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से मिले और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। गंभीर मामलों में उन्होंने संबंधित उपजिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग तथा दूरभाष के माध्यम से वार्ता कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग सहित सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता और मनोयोग के साथ कार्य करें तथा शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय और राहत उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतें।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें