गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर भेजा पी एम
रुद्रपुर/देवरिया। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के लुअठई गांव निवासी एक युवक की नागपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से परिवार में मातम छा गया। मंगलवार को शव गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार लुअठई निवासी राम आशीष (38) पुत्र ठगई अपने पिता के साथ नागपुर में रहकर मजदूरी का कार्य करता था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजन शव को एंबुलेंस के माध्यम से गांव लेकर पहुंचे।
मंगलवार को शव गांव पहुंचने के बाद परिजनों ने रामलक्षन चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना पर चौकी प्रभारी सौरभ सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में थाना प्रभारी कल्याण सिंह ने बताया कि युवक की मौत नागपुर में हुई थी, लेकिन शव गांव लाया गया था। परिस्थितियों को देखते हुए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों की जानकारी हो सकेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें