रुद्रपुर/देवरिया। गोवा में आयोजित प्रथम ऑल इंडिया इंडोर आर्चरी टूर्नामेंट 2026 के दूसरे दिन देवरिया के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। "ग्रामीण सशक्तिकरण – गांव से ओलंपिक पदक तक" की सोच को साकार करते हुए श्रीनेत ग्लोबल स्कूल एवं एसबीआईएफ एसीई संजीवा सिंह आर्चरी इंस्टीट्यूट के तीरंदाजों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का दम दिखाया।
प्रज्ञा ने रजत व प्रभात ने जीता कांस्य पदक
भारतीय तीरंदाजी संघ के तत्वावधान तथा गोवा तीरंदाजी संघ द्वारा आयोजित अंडर-13 इंडोर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में एसबीआईएफ एसीई तीरंदाज प्रज्ञा सिंह ने अंडर-13 गर्ल्स रिकर्व वर्ग में रजत पदक और प्रभात सिंह ने अंडर-13 बॉयज रिकर्व वर्ग में कांस्य पदक हासिल कर महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की।
प्रतियोगिता के रैंकिंग राउंड में प्रज्ञा सिंह प्रथम स्थान पर रहीं, प्रभात सिंह ने पांचवां स्थान प्राप्त किया, जबकि आर्य प्रताप सिंह ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
अंडर-13 गर्ल्स रिकर्व वर्ग में प्रज्ञा सिंह ने रैंकिंग राउंड में 285 और 281 अंक अर्जित कर शीर्ष स्थान हासिल किया। एलिमिनेशन राउंड में उन्होंने तमिलनाडु की लक्ष्यिता, तृषा शर्मा तथा आंध्र प्रदेश की मेघा वर्षा को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद उन्होंने तमिलनाडु की यारा को रोमांचक टाई मुकाबले में हराया, लेकिन स्वर्ण पदक मुकाबले में हरियाणा की शाहाज के खिलाफ संघर्षपूर्ण प्रदर्शन के बाद उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
वहीं अंडर-13 बॉयज रिकर्व वर्ग में प्रभात सिंह ने रैंकिंग राउंड में 285 एवं 282 अंक अर्जित किए। एलिमिनेशन दौर में उन्होंने महाराष्ट्र के आर्यन, तमिलनाडु के जयश्री तथा चंडीगढ़ के तेज प्रताप को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
अंडर-13 कंपाउंड बॉयज वर्ग में आर्य प्रताप सिंह ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए 289 और 288 अंक हासिल कर रैंकिंग राउंड में पहला स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. मधु सिंह एवं अकादमिक निदेशक संजीवा सिंह ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों का यह प्रदर्शन भारतीय तीरंदाजी और देश के ओलंपिक सपनों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि 13 वर्ष की आयु में मिली ये छोटी-छोटी सफलताएं खिलाड़ियों को वर्ष 2032 और 2036 ओलंपिक की तैयारी के लिए मजबूत आधार प्रदान करेंगी।
उन्होंने खिलाड़ियों की सफलता में सहयोग के लिए एसबीआई फाउंडेशन और एम3एम फाउंडेशन का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि एसीई तीरंदाजी अकादमी की सुविधाओं और खेल छात्रवृत्ति के माध्यम से बच्चों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिल रहा है।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें