मंगलवार, 26 मई 2026

जेठ के बड़े मंगलवार पर विकास भवन बना भक्ति धाम, गूंजा सुंदरकांड पाठ

सी डी ओ ने की विधि-विधान से पूजा-अर्चना

रुद्रपुर देवरिया। जेठ माह के चौथे बड़े मंगलवार पर विकास भवन परिसर मंगलवार को पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंगा नजर आया। बजरंगबली की जयकारों और सुंदरकांड पाठ की गूंज से पूरा परिसर श्रद्धा और आस्था के माहौल से सराबोर हो उठा। धार्मिक उल्लास के बीच आयोजित सुंदरकांड पाठ और भंडारे में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

महाप्रसाद के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। पाठ के दौरान पूरा परिसर भक्ति रस में डूबा दिखाई दिया। इसके बाद आयोजित विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और लोगों ने उत्साहपूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया।

आयोजन में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने पूजा-अर्चना कर सुंदरकांड पाठ में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। इससे सामाजिक एकता को मजबूती मिलती है और लोगों के बीच पारस्परिक सहयोग की भावना बढ़ती है।

कार्यक्रम में मुख्य राजस्व अधिकारी वीके सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम शंकर, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, जिला मत्स्य अधिकारी, डीसी मनरेगा, एनआरएलएम सहित विकास भवन और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में आमजन ने भी भंडारे में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया।


जेठ के बड़े मंगलवार पर विकास भवन परिसर में उमड़ी श्रद्धा और आस्था की यह तस्वीर लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नागपुर में मजदूरी करने गए युवक की संदिग्ध मौत

गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर भेजा पी एम रुद्रपुर/देवरिया। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के लुअठई गांव निवासी एक युव...