मंगलवार, 26 मई 2026

डीएम का बैतालपुर में औचक एक्शन: पीएचसी और बीडीओ कार्यालय पहुंचकर परखी हकीकत, लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी

जिलाधिकारी पहुचे सुबह लगभग 9:15 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बैतालपुर

रुद्रपुर/देवरिया। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को बैतालपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) एवं खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे जिलाधिकारी ने दोनों कार्यालयों की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा और अधिकारियों-कर्मचारियों को समयबद्ध एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के सख्त निर्देश दिए।

डीएम ने ली मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी कहा मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं 

सुबह लगभग 9:15 बजे जिलाधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बैतालपुर पहुंचे। यहां उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति पंजिका की जांच की और समय से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने ओपीडी, प्रसव केंद्र, दवा वितरण कक्ष सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अस्पताल में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए ताकि किसी मरीज को इलाज या दवा के लिए परेशान न होना पड़े। साथ ही अस्पताल परिसर और वार्डों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करें और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता बनाएं।

जिलाधिकारी पहुंचे करीब 10 बज खंड विकास अधिकारी कार्यालय बैतालपुर

जिलाधिकारी करीब 10 बजे खंड विकास अधिकारी कार्यालय बैतालपुर पहुंचे, जहां उन्होंने उपस्थिति पंजिका, अभिलेखों और कार्यालयीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय से कार्यालय पहुंचने और आम जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों एवं कर्मचारी कार्यालय समय से पहुंचे लापरवाही क्षम्य नहीं

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि कार्यों में शिथिलता या लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि निरीक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डीएम के इस औचक निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य केंद्र और ब्लॉक कार्यालय में पूरे दिन हलचल का माहौल बना रहा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नागपुर में मजदूरी करने गए युवक की संदिग्ध मौत

गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर भेजा पी एम रुद्रपुर/देवरिया। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के लुअठई गांव निवासी एक युव...