सोमवार, 25 मई 2026

डीएम-एसपी उतरे सड़क पर, शहर की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

बाजारों में पुलिस के पैदल गश्त से बढ़ा सुरक्षा का भरोसा

रुद्रपुर/देवरिया। जनपद में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को बढ़ाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने मंगलवार को थाना कोतवाली क्षेत्र में संयुक्त रूप से पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी से शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में हलचल तेज रही।

अधिकारियों ने सुभाष चौक, रेलवे चौकी सहित प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों और संवेदनशील इलाकों में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों, महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने गए।

पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि जनपद पुलिस उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए हर समय तत्पर है। साथ ही चेतावनी दी गई कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले या असामाजिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने लोगों से अपील की कि सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का गहन मूल्यांकन करते हुए संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश भी दिए गए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नागपुर में मजदूरी करने गए युवक की संदिग्ध मौत

गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर भेजा पी एम रुद्रपुर/देवरिया। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के लुअठई गांव निवासी एक युव...