हजारों श्रद्धालुओं ने किया भगवान शिव का जलाभिषेक
रुद्रपुर/देवरिया। छोटी काशी के रूप में प्रसिद्ध दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में अधिक मास के दूसरे सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर परिसर में पहुंचने लगे। पूरे मंदिर परिसर में "हर-हर महादेव" के जयकारों से भक्तिमय वातावरण गूंज उठा।
मान्यता है कि दुग्धेश्वर नाथ भगवान शिव स्वयंभू हैं और उनके दर्शन व स्पर्श मात्र से भक्तों का कल्याण होता है। इसी आस्था के चलते अधिक मास के पावन अवसर पर दूर-दराज से भी श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं।
सोमवार को ब्रह्म बेला में प्रातः करीब 4:30 बजे मंदिर के पुजारी शंभूनाथ पांडे एवं महंत विजय शंकर उर्फ पप्पू द्वारा भगवान शिव की विशेष आरती की गई। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए, जिसके बाद भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें