शुक्रवार, 18 सितंबर 2026

49 यूपी बटालियन NCC के 102 कैडेटों ने किया राहत-बचाव का प्रदर्शन*

 सतासी इंटर कॉलेज में भूकंपरोधी मॉक ड्रिल

रुद्रपुर (देवरिया)। भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा के दौरान राहत और बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार को सतासी इंटर कॉलेज में भूकंपरोधी मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अभ्यास के दौरान विद्यार्थियों और कैडेटों को आपदा के समय सुरक्षित रहने, घायलों को बाहर निकालने तथा प्राथमिक उपचार देने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

मॉक ड्रिल में 49 यूपी बटालियन एनसीसी के 102 कैडेटों ने सक्रिय भागीदारी की। नायब सूबेदार अवतार सिंह और हवलदार सनम लंबा के नेतृत्व में कैडेटों ने भूकंप की स्थिति उत्पन्न होने पर राहत एवं बचाव कार्य का सजीव प्रदर्शन किया। कैडेटों ने मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने और राहत टीम के साथ समन्वय स्थापित करने की प्रक्रिया बताई।

आपदा में घबराहट नहीं, सूझबूझ जरूरी : राजकुमार गुप्ता

एसडीएम राजकुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भूकंप जैसी आपदा के समय सबसे जरूरी है कि लोग घबराने के बजाय शांत रहकर सही निर्णय लें। सुरक्षित स्थान की जानकारी, प्राथमिक उपचार और बचाव के तरीकों का प्रशिक्षण आपदा के समय बेहद उपयोगी साबित होता है। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य केवल अभ्यास करना नहीं, बल्कि वास्तविक आपदा के समय जान-माल की सुरक्षा के लिए लोगों को तैयार करना है।

प्रशिक्षण से बढ़ता है आत्मविश्वास : अवतार सिंह

नायब सूबेदार अवतार सिंह ने कहा कि आपदा के समय शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। यदि लोगों को बचाव के सही तरीके मालूम हों तो वे स्वयं सुरक्षित रहने के साथ दूसरों की भी मदद कर सकते हैं। एनसीसी कैडेटों को ऐसे अभ्यासों के माध्यम से अनुशासन, टीमवर्क और संकट की स्थिति में त्वरित कार्रवाई का प्रशिक्षण मिलता है।

मॉक ड्रिल के दौरान विद्यार्थियों को भूकंप के समय 'ड्रॉप, कवर और होल्ड' जैसे सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही घायलों को प्राथमिक उपचार देने, सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और फायर सर्विस व स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ समन्वय स्थापित करने का अभ्यास कराया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे आपदा संबंधी जानकारी स्वयं भी हासिल करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। 

तहसीलदार अरुण कुमार के साथ तहसील प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और फायर सर्विस की टीम ने भी मॉक ड्रिल में सहभागिता की।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

49 यूपी बटालियन NCC के 102 कैडेटों ने किया राहत-बचाव का प्रदर्शन*

  सतासी इंटर कॉलेज में भूकंपरोधी मॉक ड्रिल रुद्रपुर (देवरिया)। भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा के दौरान राहत और बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने...