रुद्रपुर देवरिया रुद्रपुर तहसील सभागार में बुधवार को आगामी बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन को लेकर एसडीएम अवधेश निगम की अध्यक्षता में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत विभाग, पशुपालन विभाग, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लेखपाल एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
आपदा प्रबंधन प्लान तैयार रखें तथा आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें
बैठक में एसडीएम ने सभी विभागों से बाढ़ से बचाव एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 जून से संभावित रेड अलर्ट को देखते हुए सभी विभाग अपना-अपना आपदा प्रबंधन प्लान तैयार रखें तथा आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय किया जाए तथा नाविकों और गोताखोरों की सूची तैयार कर उनके मोबाइल नंबरों का सत्यापन अगले दिन शाम तक सुनिश्चित कर लिया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध हो सके।
एसडीएम ने बाढ़ सुरक्षा समितियों के गठन हेतु ग्राम प्रधानों से संपर्क करने, बाढ़ चौकियों पर आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध रखने तथा विद्यालयों को राहत केंद्र के रूप में चिन्हित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों के नाम एवं मोबाइल नंबर भी उपलब्ध रखने को कहा गया।
बैठक में पशुओं की सुरक्षा एवं राहत व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। एसडीएम ने पशुओं के लिए अस्थायी बाड़ा, चारा एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पिड़रा पुल के एप्रोच मार्ग की स्थिति को लेकर भी संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
उन्होंने संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर समय रहते सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने तथा आपदा के दौरान सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा, नायब तहसीलदार अनिल तिवारी, एसडीओ संजय कुमार सिंह, रवि शंकर यादव, अरविंद कुमार यादव, खंड विकास अधिकारी एजाज अहमद, पशु विभाग से विनोद कुमार शर्मा, पूर्ति विभाग से सुशील तिवारी सहित हल्का के कानूनगो एवं लेखपाल उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें