बुधवार, 29 अप्रैल 2026

करोड़ों की लागत से बना नाला बना बेकार, दुग्धेश्वर नाथ मंदिर रोड पर जलभराव से जनता परेशान

रुद्रपुर देवरिया। नगर पंचायत द्वारा जल निकासी की समस्या दूर करने के उद्देश्य से दुग्धेश्वर नाथ मंदिर रोड पर करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए नाले की हकीकत पहली ही बारिश में सामने आ गई। बुधवार रात आई तेज आंधी और बारिश के बाद दुर्गा मंदिर के पास घुटनों तक पानी भर गया, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

बुधवार को थोड़ी सी बारिश से सड़कों पर लगा पानी

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाले का निर्माण सड़क से लगभग दो फीट ऊंचाई पर कर दिया गया है, जिसके कारण सड़क का पानी नाले में जा ही नहीं पा रहा है। नतीजा यह है कि थोड़ी सी बारिश में ही सड़क पर जलभराव हो जाता है और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।लोगों का कहना है कि जब तक सड़क की ऊंचाई नाले के बराबर नहीं की जाएगी, तब तक पानी की निकासी संभव नहीं है। वर्तमान स्थिति में नाला खुद ही पानी से लबालब भरा रहता है और उसमें पानी का बहाव नहीं बन पा रहा है।

बताया जाता है कि नगर पंचायत द्वारा  पेट्रोल पंप से लेकर खजुआ चौराहे तक इस नाले का निर्माण कराया था, लेकिन तकनीकी खामियों के चलते इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है।

 सूत्रों की मानें तो पानी को जबरन खजुआ चौराहे की नाली से जोड़ने की कोशिश की गई, जबकि खजुआ चौराहा ऊंचाई पर स्थित है और मंदिर रोड ढलान पर है। ऐसे में पानी का प्राकृतिक बहाव संभव नहीं हो पा रहा है।बारिश के बाद की स्थिति ने नगर पंचायत के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और योजना पर सवाल खड़े कर दिए हैं। .स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है, ताकि आने वाले बरसात के मौसम में राहत मिल सके।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

जमीन कब्जे के विरोध में बुजुर्ग का तहसील पर धरना, कार्रवाई की मांग

रुद्रपुर, देवरिया।रुद्रपुर तहसील क्षेत्र के परसा जंगल निवासी वासुदेव विश्वकर्मा ने गुरुवार को तहसील परिसर में धरना देकर न्याय की गुहार लगाई।...