रुद्रपुर, देवरिया। नगर में बारिश के बाद हुए जलभराव को लेकर प्रशासन हरकत में आ गया है। शनिवार को एसडीएम रुद्रपुर अवधेश निगम ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव के साथ बस स्टेशन परिसर और दुग्धेश्वर नाथ मंदिर रोड का निरीक्षण किया तथा जल निकासी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जल भराव का निरीक्षण करते एस डी एम
बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह हुई बारिश के बाद बस स्टेशन परिसर और दुग्धेश्वर नाथ मंदिर रोड पर घुटनों तक पानी भर गया था। इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने नगर पंचायत को तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दुग्धेश्वर नाथ मंदिर रोड पर बने नाले की सफाई कराने के लिए भी कहा। उन्होंने बताया कि मंदिर रोड की समस्या को लेकर पीडब्ल्यूडी और रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) को पत्र भेजा जाएगा।
एसडीएम ने नगर पंचायत को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दोनों स्थानों से पानी निकालने के निर्देश भी दिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। निरीक्षण के दौरान राजस्व कर्मी और नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें