रुद्रपुर (देवरिया)। नगर के जलकल रोड स्थित नगर पंचायत परिसर में करीब 40 वर्ष पहले स्थापित की गई पेयजल टंकी अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से निष्प्रयोज्य पड़ी यह टंकी कभी भी गिर सकती है, जिससे आसपास के लोगों और राहगीरों की जान-माल को खतरा उत्पन्न हो सकता है।
जानकारी के अनुसार नगर वासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वर्ष 1982 में इस ऊंची पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था। लंबे समय तक इसी टंकी के माध्यम से नगर में पेयजल आपूर्ति होती रही। लेकिन समय के साथ नगर पंचायत द्वारा दुग्धेश्वरनाथ मंदिर रामचक रोड व भभौली में करोड़ों रुपये की लागत से दो नई आधुनिक पेयजल टंकियां स्थापित कर दी गईं। वर्तमान में नगर की जलापूर्ति इन्हीं नई टंकियों से की जा रही है, जिसके बाद पुरानी टंकी पूरी तरह निष्प्रयोज्य हो गई।
वर्षों से रखरखाव के अभाव में पुरानी टंकी की संरचना जर्जर हो चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि टंकी में जगह-जगह दरारें और जंग दिखाई दे रही है। यदि समय रहते इसे हटाया या सुरक्षित नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
जलकल रोड निवासी मोहन उपाध्याय ने बताया कि यह टंकी वर्ष 1982 में स्थापित की गई थी। अब नगर में नई पेयजल टंकियों से जलापूर्ति हो रही है, इसलिए पुरानी टंकी का कोई उपयोग नहीं रह गया है। उन्होंने नगर पंचायत से मांग की है कि जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जर्जर टंकी को जल्द ध्वस्त कराया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर पंचायत को इस गंभीर मामले पर शीघ्र निर्णय लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें