बुधवार, 29 जुलाई 2026

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजेगी छोटी काशी, हजारों श्रद्धालु करेंगे भगवान शिव का जलाभिषेक सभी तैयारिया पूर्ण


रुद्रपुर (देवरिया)। सावन मास के प्रथम दिन छोटी काशी के नाम से विख्यात प्राचीन एवं स्वयंभू भगवान दुग्धेश्वरनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। भोर से ही हजारों कांवड़िये और शिवभक्त गंगाजल एवं पवित्र नदियों का जल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। पूरे मंदिर परिसर में "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष गूंजेंगे।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। नगर पंचायत द्वारा विश्वकर्मा मंदिर के पास से बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं के आवागमन की अलग व्यवस्था बनाई गई है। श्रद्धालु निर्धारित मार्ग से गर्भगृह में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे, जिससे दर्शन-पूजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके

मंदिर के महंत रामशंकर विद्यार्थी तथा विजयशंकर उर्फ पप्पू छोटू महंत ने बताया कि सावन में भगवान शिव के जलाभिषेक का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि स्वयंभू शिवलिंग पर श्रद्धापूर्वक जल अर्पित करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। मंदिर परिसर की साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मंदिर के चारों ओर फूल, प्रसाद, बेलपत्र और पूजन सामग्री की दुकानें भी सज गई हैं।

उपजिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए दर्शन और जलाभिषेक के लिए सुचारु व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।

क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि मेले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। गर्भगृह से लेकर पूरे मेला परिसर तक महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया गया है। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में कांवड़ियों के साथ डीजे के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनी रहे।

सावन के पहले सोमवार को लेकर पूरे रुद्रपुर नगर में भक्ति का माहौल है। प्रशासन को उम्मीद है कि दिनभर हजारों श्रद्धालु बाबा दुग्धेश्वरनाथ के दर्शन कर जलाभिषेक करेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

रुद्रपुर क्षेत्र को मिली सीएनजी सुविधा की सौगात, अरोमा पेट्रोल पंप पर विक्रय केंद्र का शुभारंभ

रुद्रपुर (देवरिया)। रुद्रपुर क्षेत्र के रामलक्षन स्थित अरोमा पेट्रोल पंप पर गुरुवार को सीएनजी गैस विक्रय केंद्र का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन...