शनिवार, 18 जुलाई 2026

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया जे.पी. निषाद आरती देवी महाविद्यालय का शुभारंभ

रुद्रपुर, देवरिया। रुद्रपुर क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर में नवनिर्मित जे.पी. निषाद आरती देवी महाविद्यालय का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद कमलेश पासवान तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक जयप्रकाश निषाद सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सांसद कमलेश पासवान का विधायक जयप्रकाश निषाद ने अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। अतिथियों का स्वागत पारंपरिक ढंग से किया गया, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।

अपने संबोधन में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे मजबूत आधार शिक्षा होती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में उच्च शिक्षण संस्थान की स्थापना एक सराहनीय पहल है, जिससे स्थानीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने महाविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह संस्थान आने वाले वर्षों में शिक्षा, संस्कार और उत्कृष्टता का केंद्र बनेगा।

सांसद कमलेश पासवान बोले– शिक्षा से होगा क्षेत्र का समग्र विकास


सांसद कमलेश पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में उच्च शिक्षा संस्थानों की स्थापना से बेटियों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने युवाओं से मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और देश व समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
क्षेत्र व विद्यार्थियों के लिए महाविद्यालय एक बड़ी सौगात जयप्रकाश निषाद
विधायक जयप्रकाश निषाद ने कहा कि जे.पी. निषाद आरती देवी महाविद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी सौगात है। यह महाविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा और क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करेगा।

कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विश्व विजय निषाद ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों के सहयोग और वरिष्ठ जनों के आशीर्वाद से इस महाविद्यालय का सपना साकार हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह शिक्षण संस्थान आने वाली पीढ़ियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार और बेहतर भविष्य प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

समारोह में उपस्थित लोगों ने महाविद्यालय की स्थापना को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए इसे ग्रामीण अंचल में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टेस्टिंग में फूटी पाइपलाइन, दूसरे दिन सड़क पर फूटा पानी का फव्वारा

जल जीवन मिशन की गुणवत्ता पर उठे सवाल, लीकेज मिलने से लोगों में बढ़ी चिंता रुद्रपुर (देवरिया)। नगर पंचायत क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत बिछ...