रुद्रपुर (देवरिया)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी, शिक्षा एवं पूर्ति विभाग की संयुक्त टास्क फोर्स की बैठक सोमवार को तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें कार्ययोजना में शामिल कर समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
उपजिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। विद्यालयों में आपसी समन्वय से मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने के साथ ही स्वच्छता और कायाकल्प के कार्यों को कार्ययोजना में शामिल कर प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी स्तर पर लापरवाही न हो और नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण किया जाए।
बैठक में रूद्रपुर ब्लॉक के15 विद्यालयों के कायाकल्प, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के नामांकन, वात्सल्य योजना तथा बाल वाटिका के संचालन पर चर्चा हुई। श्रीनगर कोल्हुआ में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र में पेयजल की व्यवस्था तथा रामचक में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
पूर्ति विभाग की ओर से विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के लिए गैस कनेक्शन एवं गैस की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विद्यालयों में भोजन व्यवस्था सुचारु रखने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में खंड विकास अधिकारी एजाज अहमद, खंड शिक्षा अधिकारी राजकिशोर सिंह, डा. सुशील मल, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक विकास गौतम, आरती गौड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें