मंगलवार, 12 मई 2026

बकरीद पर्व को लेकर कोतवाली में हुई पीस कमेटी की बैठक


रुद्रपुर, देवरिया। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर मंगलवार को रुद्रपुर कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर ने कहा कि रुद्रपुर क्षेत्र हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक रहा है। यहां सभी समुदाय के लोग एक-दूसरे के त्योहारों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाते हैं। उन्होंने कहा कि बकरीद का त्योहार भी सभी लोग प्रेम, शांति और सौहार्द के वातावरण में मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।

उन्होंने उपस्थित लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते उसका समाधान किया जा सके।


बैठक में सभासद सज्जाद अली, विजय यादव, अनिल पांडेय, इरफान राइन, लोरिक प्रसाद, नीरज यादव, फिरोज अली, इकबाल, विवेक निषाद, मिर्जा कमाल सहित दोनों समुदाय के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सोमवार, 11 मई 2026

एसडीएम ने प्राथमिक विद्यालय का किया निरीक्षण, बच्चों से संवाद कर बढ़ाया उत्साह

रुद्रपुर देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर शिक्षा व्यवस्था को बेहतर एवं सुदृढ़ बनाने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत मंगलवार को उपजिलाधिकारी रुद्रपुर अवधेश निगम ने प्राथमिक विद्यालय डाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर, रसोईघर एवं शौचालय की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

एसडीएम ने विद्यालय में उपस्थित बच्चों से किया संवाद 

एसडीएम ने विद्यालय में उपस्थित बच्चों से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, मध्याह्न भोजन तथा विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन में रहने तथा अपने भविष्य के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी।

शिक्षक बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में निभाते हे महत्वपूर्ण भूमिका 

इस दौरान उपजिलाधिकारी अवधेश निगम ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। शिक्षक केवल पढ़ाने का कार्य ही नहीं करते, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों में स्वच्छ वातावरण, नियमित उपस्थिति एवं बेहतर शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित कर बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया जाए, ताकि सरकारी विद्यालयों के प्रति अभिभावकों का विश्वास और मजबूत हो सके। निरीक्षण के दौरान विद्यालय स्टाफ एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

रविवार, 10 मई 2026

विकलांग दुकानदार से मारपीट, स्टूडियो में तोड़फोड़; दो युवकों पर मुकदमा दर्ज

रुद्रपुर देवरिया। सुरौली थाना क्षेत्र के पकड़ी बाजार में एक विकलांग दुकानदार के साथ मारपीट एवं दुकान में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पीड़ित भुवनेश्वर चौरसिया पुत्र राधे चौरसिया निवासी भेड़ पाकड़ कला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पकड़ी बाजार में “नीलम फोटो स्टूडियो” के नाम से फोटो, फ्रेमिंग एवं फोटो कॉपी आदि का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

पीड़ित के अनुसार यद्दु परसिया निवासी सचिन यादव (28 वर्ष) पुत्र रमेश यादव तथा साहब यादव (21 वर्ष) पुत्र रमेश यादव उनकी दुकान पर फोटो बनवाने आए थे। काम पूरा होने के बाद जब उन्होंने पैसे की मांग की तो दोनों युवक गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। आरोप है कि दोनों ने दुकान में रखा प्रिंटर, लैपटॉप, चार्जर, होम थिएटर सहित अन्य सामान तोड़ दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

भुवनेश्वर चौरसिया ने बताया कि वह दोनों पैरों से विकलांग हैं और बैसाखी के सहारे चलते हैं। स्टूडियो ही उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन है। घटना में लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये के सामान के नुकसान की बात कही गई है, जिससे परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

सुरौली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध मारपीट एवं तोड़फोड़ सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

राप्ती नदी में डूबने से किशोर की मौत


रुद्रपुर, देवरिया। एकौना थाना क्षेत्र के नगवा खास गांव निवासी एक किशोर की राप्ती नदी में डूबने से रविवार को दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार नगवा खास निवासी अल्ताफ पुत्र यूनुस (16 वर्ष) रविवार को गांव के पास राप्ती नदी किनारे शौच के लिए गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी डूबने से मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना पर एकौना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष आनंद पांडे ने बताया कि किशोर के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

अनियंत्रित कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

दो दिन पहले ही बना था पिता पत्नी का रो के वुरा हाल

रुद्रपुर, देवरिया। रुद्रपुर-नारायणपुर मार्ग पर रविवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा अवस्थी के समीप उस समय हुआ, जब नरायणपुर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक अनियंत्रित कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार भगवानपुर निवासी बेचन पुत्र सदारी प्रसाद (28 वर्ष) रविवार शाम बाजार से अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। घर से कुछ दूरी पहले ही अवस्थी के पास सामने से आ रही कार संख्या यूपी 47 यू 1151 ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास के लोग उन्हें तत्काल रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार पर टूटा गमों का पहाड़ मां बाप का था एकलौता पुत्र

बताया जा रहा है कि मृतक के घर दो दिन पूर्व ही पुत्र का जन्म हुआ था। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी खुशबू का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक ज्ञान प्रसाद शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

एसडीएम सुनीता गैस एजेंसी का किया निरीक्षण दिया आवश्यक निर्देश

 गैस वितरण में पारदर्शिता के साथ उपभोक्ताओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता दे एस डी एम

रुद्रपुर, देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर शनिवार को एसडीएम रुद्रपुर अवधेश निगम ने रुद्रपुर स्थित सुनीता गैस एजेंसी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गैस वितरण व्यवस्था, उपभोक्ता सुविधाओं तथा गोदाम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसडीएम ने गैस उपभोक्ताओं से की बात  संचालक को गैस वितरण में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने का दिया निर्देश

एसडीएम ने गैस उपभोक्ताओं से बातचीत कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने एजेंसी संचालकों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए तथा गैस वितरण में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

गैस गोदाम का किया निरीक्षण किया और सुरक्षा मानकों के पालन का दिया निर्देश

निरीक्षण के दौरान एसडीएम अवधेश निगम ने गैस गोदाम का भी निरीक्षण किया और सुरक्षा मानकों के पालन के साथ समयबद्ध वितरण व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

गैस एजेंसियों पर डीएम का छापा, वितरण व्यवस्था पर कसा शिकंजा

रुद्रपुर देवरिया। जिलाधिकारी ने रविवार को भाटपाररानी स्थित भारत गैस एजेंसी तथा खुखुन्दू के एचपी गैस ग्रामीण वितरण केंद्र का औचक निरीक्षण कर गैस वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपभोक्ताओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने एजेंसियों के वितरण रजिस्टर, उपभोक्ता अभिलेख एवं गैस आपूर्ति से संबंधित व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने कहा कि गैस वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता या उपभोक्ताओं की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डी एम ने गैस उपभोक्ताओं से की बात

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौजूद उपभोक्ताओं से बातचीत कर गैस आपूर्ति और एजेंसी की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

गैस वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाये अन्यथा होगी कार्रवाई

डीएम ने कहा कि आमजन को सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। गैस वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता एवं सुरक्षा मानकों के पालन से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। वितरण कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

शनिवार, 9 मई 2026

पुलिस मुठभेड़ में झपटमार घायल, साथी समेत गिरफ्तार


रुद्रपुर देवरिया गौरीबाजार व रुद्रपुर  की संयुक्त पुलिस टीम ने शनिवार देर रात रामपुर चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान दो शातिर झपटमारों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मौके से पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार शनिवार की रात करीब 11:30 बजे थाना गौरीबाजार व रुद्रपुर की संयुक्त टीम रामपुर चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक केटीएम मोटरसाइकिल संख्या UP 53 EV 6044 पर सवार दो संदिग्ध युवक आ रहे हैं। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बैरियर में टक्कर मारते हुए भाग निकले।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो गुरूजघाट पुलिया के पास मोड़ पर उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। आरोप है कि इसके बाद दोनों बदमाश पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगे। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे को पुलिस ने मौके पर दबोच लिया।

घायल बदमाश की पहचान जैनुद्दीन उर्फ गोगा पुत्र सलाउद्दीन निवासी वार्ड नंबर 10 फाजिलनगर थाना पटहेरवा जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया गया है। दूसरा आरोपी बाल अपचारी बताया गया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 2 मई 2026 को बैतालपुर स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास एक महिला का बैग झपट कर छीना था। इसके अलावा 26 अप्रैल 2026 को कोतवाली क्षेत्र के इजरही के पास बाइक सवार महिला का पर्स भी झपट लिया था। दोनों घटनाओं के संबंध में थाना गौरीबाजार और कोतवाली में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचा .315 बोर, छह जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, झपटमारी से संबंधित पीली धातु की अंगूठी, सफेद धातु की हाथ पलानी, गहनों की बिक्री के छह हजार रुपये नकद तथा केटीएम मोटरसाइकिल बरामद की है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर, थाना अध्यक्ष महेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक शुभम पाठक, अजीत यादव, विरेंद्र कुमार सहित गौरीबाजार, रुद्रपुर और कोतवाली की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही।

पेड़ से लटका मिला ट्रक ड्राइवर का शव

रुद्रपुर, देवरिया। सुरौली थाना क्षेत्र के ग्राम जोकहा खास में शनिवार की शाम एक ट्रक चालक का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, जोकहा खास निवासी सोनू यादव (35 वर्ष) पुत्र इंद्र यादव का शव गांव के बाहर खेत में एक पेड़ से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद सुरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि मृतक ट्रक चालक था और उसके छोटे-छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

सुरौली थानाध्यक्ष अविनाश मौर्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम के निर्देश पर हरकत में आया पीडब्ल्यूडी, पाण्डेय माझा के पास धंसी सड़क की कराई मरम्मत

रुद्रपुर देवरिया रुद्रपुर-नारायणपुर मार्ग पर पाण्डेय माझा के समीप धंसी सड़क की खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन और लोक निर्माण विभाग हरकत में आ गया। एसडीएम द्वारा मामले का संज्ञान लेते हुए पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए थे।

शुक्रवार को एसडीएम ने राजस्व कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचकर सड़क का निरीक्षण किया था। इसके बाद पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता क्षितिज जायसवाल ने कर्मचारियों एवं कार्यदायी संस्था के साथ पाण्डेय माझा के पास धंसी सड़क पर मिट्टी डालकर मरम्मत कार्य कराया।

सहायक अभियंता क्षितिज जायसवाल ने बताया कि फिलहाल सड़क की मरम्मत करा दी गई है। इसके उपरांत सड़क पर पिचिंग का कार्य भी कराया जाएगा, ताकि आवागमन पूरी तरह सुरक्षित हो सके।

बताते चलें कि सड़क का एक हिस्सा धंस जाने से राहगीरों में दहशत का माहौल बना हुआ था। यह मार्ग बड़हलगंज होते हुए वाराणसी समेत कई महत्वपूर्ण शहरों को जोड़ता है, जिस पर प्रतिदिन भारी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। सड़क क्षतिग्रस्त होने से दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई थी।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं पीडब्ल्यूडी अधिकारियों द्वारा त्वरित कार्रवाई कर सड़क की मरम्मत कराने पर आभार व्यक्त किया है।

रुद्रपुर सर्कल के तीन थानों पर हुआ समाधान दिवस का आयोजन कुल 25 प्रार्थना पत्रों में नौ का निस्तारण

राजस्व एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय बनाकर भूमि विवाद एवं अन्य मामलों का मौके पर जाकर करे निष्पक्ष समाधान ए डी एम

रुद्रपुर। देवरिया शनिवार को रुद्रपुर सर्कल के तीनों थानों में समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जहां फरियादियों की समस्याएं सुनकर उनके निस्तारण का प्रयास किया गया। कुल 25 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 9 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

रुद्रपुर मे 11 प्रार्थना पत्र मे मात्र दो का निस्तारण

रुद्रपुर कोतवाली में एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 11 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 9 पुलिस विभाग तथा 2 राजस्व विभाग से संबंधित थे। इनमें से 2 मामलों का निस्तारण कर दिया गया।

एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह ने थाना समाधान दिवस में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय बनाकर भूमि विवाद एवं अन्य मामलों का मौके पर जाकर निष्पक्ष समाधान करें, जिससे आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी ढंग से निपटारा सुनिश्चित हो।

 इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए।

   मदनपुर थाने मे नौ मे चार का निस्तारण

मदनपुर थाने में एसडीएम अवधेश निगम की अध्यक्षता तथा क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र कुमार राव के नेतृत्व में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 9 प्रार्थना पत्र पड़े, जिनमें से 4 का निस्तारण किया गया।

एकौना थाने मे पड़े पाँच प्रार्थना पत्र मे तीन का निस्तारण

वहीं एकौना थाने में नायव तहसीलदार अनिल तिवारी की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 5 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 3 मामलों का निस्तारण कर दिया गया।

इस दौरान रुद्रपुर तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा उपनिरीक्षक ज्ञान प्रकाश शुक्ला दिनेश कुमार वीरेंद्र कुमार मदनपुर में थानाध्यक्ष नंदा  प्रसाद एकौना में थानाध्यक्ष आनंद कुमार पांडे  सहित पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

मां के सम्मान में सजा सेंट जेवियर्स स्कूल, मातृ दिवस पर झूमे बच्चे व माताएं

रुद्रपुर, देवरिया। मन्दिर रोड स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल में शनिवार को मातृ दिवस कार्यक्रम धूमधाम एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में खुशी और उल्लास का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान केक काटकर मातृ दिवस की खुशियां साझा की गईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ। विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपने विचारों एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से मां के प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया। कक्षा तृतीय के छात्र-छात्राओं ने मां को समर्पित मधुर गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

विद्यालय के शिक्षक अमरनाथ पाल ने संस्कृत श्लोक के माध्यम से मां की महत्ता बताते हुए कहा कि माता के समान न कोई छाया है, न सहारा, न रक्षक और न ही कोई प्रिय।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित पटवारी ने कहा कि मातृ दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि जीवनभर माता का सम्मान करने और उनके सुख-दुख में सहभागी बनने का संदेश देता है।

कार्यक्रम में शिशु सदन से लेकर कक्षा द्वितीय तक के छात्र-छात्राओं की माताओं की विशेष उपस्थिति रही। माताओं ने बच्चों के साथ नृत्य प्रस्तुत किए, गीत गाए और अपनी भावनाएं साझा कीं, जिससे कार्यक्रम और भी आकर्षक बन गया।

इस दौरान सुई-धागा, बास्केटबॉल, म्यूजिकल चेयर एवं नृत्य प्रतियोगिता जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें माताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

अंत में विद्यालय प्रबंधक रोशन जायसवाल ने माताओं के साथ केक काटकर एवं मिष्ठान वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया। कार्यक्रम का संचालन रमेश दुबे ने किया।

सीएचसी रुद्रपुर में फायर ब्रिगेड की मॉक ड्रिल

 सुरक्षा गार्डों को दिया  प्रशिक्षण आग से बचाव के बताए गए उपाय

रुद्रपुर, देवरिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर में फायर सेफ्टी वीक के तहत शनिवार को फायर ब्रिगेड टीम द्वारा मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान अस्पताल में आग लगने की स्थिति में बचाव एवं आपदा प्रबंधन को लेकर डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं सुरक्षा गार्डों को प्रशिक्षण दिया गया।

फायर ब्रिगेड कर्मियों ने अस्पताल परिसर में पहुंचकर अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग का लाइव प्रदर्शन किया तथा आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, मरीजों की सुरक्षित निकासी और प्राथमिक सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। कर्मचारियों को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता और संयम के साथ कार्य करना आवश्यक है।

मॉक ड्रिल के दौरान अस्पताल कर्मियों को आग बुझाने वाले सिलेंडरों के सही उपयोग का अभ्यास कराया गया। साथ ही विद्युत शॉर्ट सर्किट, गैस रिसाव एवं अन्य दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।

फायर ब्रिगेड टीम ने बताया कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर आपदा प्रबंधन की तैयारियां हमेशा मजबूत रहनी चाहिए, ताकि किसी भी आपातकाल में जनहानि को रोका जा सके।

कार्यक्रम का उद्देश्य अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा कर्मचारियों को आपदा के समय प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार करना रहा। मॉक ड्रिल के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, डॉक्टर, कर्मचारी एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहे।

डीएम ने दानोपुर व परासिया मिश्र विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, शिक्षकों को दिए निर्देश

 डीएम ने परखी शिक्षा की गुणवत्ता, बच्चों से पूछे सवाल


रुद्रपुर देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शनिवार सुबह प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता जांचने के उद्देश्य से प्राथमिक विद्यालय दानोपुर तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय परासिया मिश्र का औचक निरीक्षण किया। निरीण के दौरान उन्होंने शिक्षण व्यवस्था, पठन-पाठन और विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर का जायजा लिया।

जिलाधिकारी सुबह करीब नौ बजे प्राथमिक विद्यालय दानोपुर पहुंचे, जहां उन्होंने कक्षा दो एवं पांच के बच्चों से बातचीत की। कक्षा दो के विद्यार्थियों से अंग्रेजी पढ़वाई, जबकि कक्षा पांच के छात्रों से ब्लैकबोर्ड पर गणित के प्रश्न हल कराए। बच्चों द्वारा सही उत्तर दिए जाने पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए शिक्षकों की सराहना की। साथ ही शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल पूछे और उनकी पढ़ाई की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा उनमें मेहनत और लगन की भावना विकसित की जाए।

इसके बाद जिलाधिकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय परासिया मिश्र पहुंचे, जहां उन्होंने विद्यालय में नामांकन की स्थिति की जानकारी ली। यहां कक्षा सात के विद्यार्थियों से गणित एवं अंग्रेजी विषय से संबंधित प्रश्न पूछे गए। बच्चों के संतोषजनक उत्तर देने पर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता जताई और शिक्षकों को इसी प्रकार समर्पण भाव से अध्यापन कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया।


निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय दानोपुर में एक ओर बाउंड्रीवाल नहीं होने की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी से फोन पर वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


इस अवसर पर प्राथमिक विद्यालय दानोपुर में सहायक अध्यापक दिनेश सिंह, नीलम मौर्य एवं शिक्षामित्र पिंकी राय उपस्थित रहीं। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय परासिया मिश्र में प्रधानाध्यापक अर्चना सिंह एवं सहायक अध्यापक पूनम सिंह मौजूद रहीं।

शुक्रवार, 8 मई 2026

पाण्डेय माझा के पास धंसी सड़क का एसडीएम ने किया निरीक्षण

 पीडब्ल्यूडी को तत्काल मरम्मत करने का दिया निर्देश

रुद्रपुर, देवरिया। रुद्रपुर-नारायणपुर मार्ग पर पाण्डेय माझा के समीप धंसी सड़क की खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। शनिवार को एसडीएम ने राजस्व कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचकर सड़क का निरीक्षण किया तथा पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

बताया जा रहा है कि सड़क का एक हिस्सा धंस जाने से राहगीरों में दहशत का माहौल बना हुआ है। यह मार्ग बड़हलगंज होते हुए वाराणसी समेत कई महत्वपूर्ण शहरों को जोड़ता है, जिस पर प्रतिदिन भारी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। सड़क क्षतिग्रस्त होने से दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन को बताया कि सड़क की स्थिति दिन-प्रतिदिन खतरनाक होती जा रही है। बरसात शुरू होने से पहले यदि मरम्मत नहीं कराई गई तो बड़ा हादसा हो सकता है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसडीएम ने सीएचसी रुद्रपुर का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

रुद्रपुर देवरिया उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अवधेश निगम ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर का निरीक्षण कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। 

निरीक्षण के दौरान उन्होंने एमसीएच विंग, एनबीएसयू, पीआईसीयू, पैथोलॉजी लैब, औषधि वितरण कक्ष तथा ओपीडी का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

एसडीएम आदेश निगम ने अस्पताल परिसर में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई, दवा वितरण तथा जांच व्यवस्था को व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया।

इस दौरान आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) एवं आभा आईडी (ABHA) से संबंधित बैनर भी लगवाने के निर्देश दिए गए। तथा मरीजों एवं तीमारदारों को इसके प्रति जागरूक करने के लिए भी कहा

 स्वास्थ्य चिकित्साधिकारी एस के राव से बताया कि आभा आईडी बनवाने के लिए आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर आवश्यक है। मरीजों एवं तीमारदारों को इसके प्रति जागरूक भी किया गया।

गुरुवार, 7 मई 2026

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर घायल

रुद्रपुर देवरिया रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र के तिवई बेलवा गांव निवासी दो युवक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार विशाल पुत्र जगदीश (18 वर्ष) एवं पंकज पुत्र राजू (17 वर्ष) मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान रुद्रपुर- करहकोल  मार्ग पर बैदा के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तत्काल उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज देवरिया भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

स्व-गणना अभियान का शुभारंभ तहसीलदार पहुंचे विधायक जय प्रकाश निषाद के आवास

रुद्रपुर/देवरिया। शासन द्वारा चलाए जा रहे स्व-गणना अभियान का शुभारंभ गुरुवार को तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा ने क्षेत्रीय विधायक जयप्रकाश निषाद के लक्ष्मीपुर स्थित आवास से किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।

इस अवसर पर तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा ने कहा कि स्व-गणना अभियान का उद्देश्य प्रत्येक परिवार एवं व्यक्ति से संबंधित सही एवं सटीक जानकारी एकत्रित करना है, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सुगमता से पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि आमजन की सहभागिता से ही यह अभियान सफल होगा।

विधायक जयप्रकाश निषाद ने अपने संबोधन में कहा कि स्व-गणना आधुनिक और पारदर्शी व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं आगे बढ़कर अपनी जानकारी सही तरीके से दर्ज कराएं और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। विधायक ने कहा कि इससे विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी तथा सरकार को सही आंकड़े उपलब्ध हो सकेंगे।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई तथा अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।

पाण्डेय माझा के पास सड़क धंसी, बड़े हादसे की आशंका

रुद्रपुर देवरिया रुद्रपुर-नारायणपुर मार्ग पर पाण्डेय माझा के समीप सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से राहगीरों में दहशत का माहौल है। यह मार्ग बड़हलगंज होते हुए वाराणसी समेत कई महत्वपूर्ण शहरों को जोड़ता है, जिस पर प्रतिदिन भारी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति लगातार खतरनाक होती जा रही है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बावजूद इसके संबंधित विभाग अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं करा सका है। लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बाद भी जिम्मेदार विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहा है।

ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने तथा बैरिकेडिंग की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

इस संबंध में एसडीएम अवधेश निगम ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा जा रहा है।

मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को किया जागरूक

महिला सुरक्षा, साइबर अपराध व सरकारी योजनाओं की दी जानकारी


रुद्रपुर, देवरिया। महिला मिशन शक्ति टीम द्वारा मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत गुरुवार को रामचक स्थित प्रत्युष बिहार विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा, महिला सम्मान एवं महिला स्वावलंबन से संबंधित जानकारी देते हुए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और नए कानूनों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान टीम द्वारा छात्राओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष योजना तथा फैमिली काउंसलिंग जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध एवं बाल विवाह जैसे अपराधों के प्रति सचेत करते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए गए।

महिला मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को हेल्पलाइन नंबर 102, 108, 112, 181, 1076, 1090 एवं 1930 आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं के बीच जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।

इस अवसर परकरने के प्रबंधक राणा प्रताप सिंह उपनिरीक्षक कृष्णकांत, कांस्टेबल आशीष यादव, महिला आरक्षी आंशिका यादव, काजल यादव, जयंती तिवारी एवं महिला कांस्टेबल कंचन यादव मौजूद रहीं।

अनाधिकृत रूप से संचालित दो विद्यालय बंद, बीईओ ने जारी किया नोटिस

 बाबा कल्पनाथ संत निरंकारी व मां गायत्री देवी जूनियर हाई स्कूल दिया नोटिस

रुद्रपुर देवरिया। शासन के निर्देश पर अनाधिकृत एवं मानक विहीन विद्यालयों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को खंड शिक्षा अधिकारी राजकिशोर सिंह ने विकास क्षेत्र के दो विद्यालयों की जांच की। जांच में अनियमितताएं मिलने पर दोनों विद्यालयों को तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए गए।

खंड शिक्षा अधिकारी सबसे पहले बाबा कल्पनाथ संत निरंकारी विद्यालय पहुंचे। जांच में पाया गया कि विद्यालय को कक्षा 1 से 8 तक की मान्यता प्राप्त है, लेकिन यहां कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं भी संचालित की जा रही थीं। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए विद्यालय संचालक को नोटिस जारी किया गया तथा शपथ पत्र के साथ अवैध रूप से संचालित कक्षाओं को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए गए।

आइ जी आर एस पोर्टल पर कराया शिकायत दर्ज 

इसके बाद बीईओ ने मां गायत्री देवी जूनियर हाई स्कूल का निरीक्षण किया। यहां कक्षा 1 से 5 तक विद्यालय मानक विहीन तरीके से संचालित पाया गया। इस पर विद्यालय को तत्काल बंद कराते हुए संचालक को नोटिस जारी किया गया।

खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि दोनों विद्यालयों के विरुद्ध आइजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि पुनः इस प्रकार की अनियमितता पाई गई तो आर्थिक दंड लगाने के साथ प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि पूर्व में भी विभाग द्वारा विज्ञप्ति जारी कर सभी विद्यालय संचालकों को मान्यता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप विद्यालय संचालित करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

जनता दर्शन में डीएम ने सुनीं फरियाद, जूम लिंक व व्हाट्सएप से होगा त्वरित निस्तारण

रुद्रपुर देवरिया। जिलाधिकारी ने गुरुवार को आयोजित जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जनसमस्याओं के समाधान के लिए नई पहल करते हुए जूम लिंक और व्हाट्सएप व्यवस्था शुरू कराई।

जिलाधिकारी ने अपने कार्यकक्ष में राजस्व विभाग के अधिकारियों की जूम लिंक तैयार कराई है, जिसके माध्यम से जमीन व राजस्व संबंधी मामलों में संबंधित अधिकारियों से सीधे संवाद कर मौके पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही अधिकारियों के सीयूजी नंबर के व्हाट्सएप पर भी प्रकरण भेजने की व्यवस्था शुरू की गई है, ताकि शिकायतों का तेजी से निस्तारण हो सके।

फरियादी दिव्यांग को जिलाधिकारी नेभेंट किया फल का पैकेट

जनता दर्शन के दौरान ग्राम हरपुर निजाम निवासी दिव्यांग दंपति रहमत अली और खुशबून अपनी जमीन संबंधी समस्या लेकर पहुंचे। उनकी दिव्यांगता को देखते हुए जिलाधिकारी स्वयं उनके पास गए और उन्हें फल का पैकेट भेंट किया। इसके बाद सदर एसडीएम को निर्देश दिया कि राजस्व निरीक्षक और दो लेखपालों की टीम के साथ मौके पर जाकर उसी दिन जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने दंपति से सरकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी भी ली। पता चला कि खुशबून को दिव्यांग पेंशन नहीं मिल रही है। इस पर उन्होंने जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी को तत्काल बुलाकर आवश्यक अभिलेख प्राप्त कर पेंशन स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। वहीं दंपति की दो वर्षीय बच्ची को आंगनबाड़ी केंद्र से जोड़ने के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी आदिश मिश्रा को निर्देशित किया।

जिलाधिकारीमें 4 वर्षीय अंशिकाकोआंगनबाड़ी केंद्र से जोड़ने का दिया निर्देश

इसी क्रम में विकास खंड सलेमपुर के ग्राम जयराम कौड़िया निवासी सीता देवी पत्नी दिनेश कनौजिया अपनी जमीन विवाद की शिकायत लेकर पहुंचीं। उनके साथ आई चार वर्षीय बच्ची अंशिका को देखकर जिलाधिकारी ने उसकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। बच्ची के स्कूल न जाने की जानकारी मिलने पर डीएम ने उसे आंगनबाड़ी केंद्र से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों के बौद्धिक विकास के लिए आंगनबाड़ी केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता और प्राथमिकता बरती जाए तथा हर शिकायत का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

घर पर चढ़कर दबंगों ने की मारपीट, युवक गंभीर घायल


रुद्रपुर देवरिया रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम एकला मिश्रौलिया में मंगलवार की रात दबंगों द्वारा घर पर चढ़कर मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि कुछ लोग शिवधन के दरवाजे पर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने डंडे से हमला कर दिया।

हमले में शिवधनी का पुत्र अंकुर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर पर गंभीर चोट आई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पीड़ित अंकुर की तहरीर पर बुधवार को  रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने शिवम, कृष्णा पुत्र संजय तथा रंजीत, संदीप के विरुद्ध धारा 131, 115(2), 352, 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर ने बताया कि घायल अंकुर के सिर पर गंभीर चोट लगी थी, जिसे मेडिकल परीक्षण एवं उपचार के लिए जिला अस्पताल देवरिया भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मंगलवार, 5 मई 2026

नवागत जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने संभाला कार्यभार,

  विकास को दी नई दिशा का संकेत

रुद्रपुर देवरिया। जनपद देवरिया को नए जिलाधिकारी के रूप में आईएएस अधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कार्यालय में उन्होंने निवर्तमान जिलाधिकारी से कार्यभार संभालते हुए प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन शुरू किया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने अधिकारियों के साथ एक संक्षिप्त बैठक कर जनपद की वर्तमान स्थिति, प्रमुख योजनाओं और चल रहे विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध कार्यप्रणाली को प्राथमिकता दी जाएगी।

 उन्होंने कहा कि देवरिया एक महत्वपूर्ण जनपद है, जहां विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता आम जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना होगा। जनता को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिले, इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जन शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर समय से किया जाए।कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में कोई लापरवाही न बरती जाए।विकास कार्यों की गुणवत्ता और गति दोनों पर विशेष ध्यान दिया जाए।सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि वे स्वयं समय-समय पर विभिन्न विभागों की समीक्षा करेंगे और फील्ड में जाकर कार्यों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने टीमवर्क पर जोर देते हुए कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें, जिससे जनपद का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

अंत में उन्होंने कहा कि जनपद की जनता के सहयोग और अधिकारियों की मेहनत से देवरिया को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जाएगा।

एसपी ने थाना रुद्रपुर का किया निरीक्षण, प्रशिक्षु आरक्षियों का सम्मेलन लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

रुद्रपुर/देवरिया। पुलिस अधीक्षक  अभिजीत आर. शंकर द्वारा थाना रुद्रपुर पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु आरक्षियों का सम्मेलन ...