16 से 25 अप्रैल तक कामकाज ठप, मांगें न मानी गईं तो तेज होगा आंदोलन
कन्हैया कुमार
बघौचघाट (देवरिया)। ब्लॉक पथरदेवा के मनरेगा कर्मियों ने बकाया मानदेय और नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार से कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी। यह हड़ताल 16 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक चलेगी, जिससे ब्लॉक स्तर पर मनरेगा से जुड़े कार्य प्रभावित होने की संभावना है।
कर्मचारियों ने आठ माह के बकाया मानदेय का भुगतान, एचआर पॉलिसी लागू करने, मानदेय में वृद्धि और लंबे समय से कार्यरत कर्मियों के नियमितीकरण की मांग उठाई है। उनका कहना है कि 4 अक्टूबर 2021 को मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाएं अब तक लागू नहीं की गई हैं, जबकि इस संबंध में कई बार शासन-प्रशासन को ज्ञापन दिया जा चुका है।
ग्राम रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के आह्वान पर पथरदेवा ब्लॉक के सभी मनरेगा कर्मी हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो 26 अप्रैल को प्रदेश के सभी ब्लॉकों से मुख्यमंत्री को पोस्टकार्ड भेजे जाएंगे। इसके बाद 1 मई को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
कर्मचारियों ने प्रशासन से यह भी अपील की है कि हड़ताल के दौरान किसी भी कर्मी पर कार्य करने का दबाव न बनाया जाए।
इसी क्रम में ब्लॉक अध्यक्ष विनोद कुमार राव के नेतृत्व में ग्राम रोजगार सेवकों ने खंड विकास अधिकारी के कार्यवाहक जितेंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपा। अधिकारी ने आश्वासन दिया कि मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।
इस मौके पर एपीओ रवि प्रकाश सिंह, बृजेश सिंह, केपी सिंह सहित रोजगार सेवक रमावती कुशवाहा, अनोखे लाल, सूरज यादव, रंजीत राव, श्रीनिवास सिंह, संदीप यादव, लक्की राय, कमलेश प्रसाद, अनीता राय, पुष्पा तिवारी, नूर आलम, श्वेता मिश्रा, मेनका सिंह, सर्वदा मिश्र, प्रदीप कुमार और दिनेश प्रसाद समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें