पशु पालको ने की मुआवजे की मांग
रुद्रपुर देवरिया क्षेत्र में बुधवार की शाम अचानक आई तेज धूल भरी आंधी, बारिश और तेज हवाओं ने भारी तबाही मचा दी। हड़हा ताल के किनारे भेड़ चरा रहे पशुपालकों की करीब 75 भेड़ें ताल में डूबकर मर गईं। घटना के बाद पशुपालकों में हड़कंप मच गया और वे बदहवास नजर आए।
जानकारी के अनुसार ग्राम तिघरा निवासी श्री प्रकाश पाल व सुनील पाल तथा ग्राम बैदा के गंगाधर पशुपालक रोज की तरह लगभग 500 भेड़ों को हड़हा ताल के किनारे चरा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-पानी शुरू हो गया। तेज हवा और अफरा-तफरी के कारण भेड़ें इधर-उधर भागने लगीं और कई भेड़ें ताल में गिर गईं।
शोर सुनकर प्रधान होली बलिया व अखिलेश साहनी के नेतृत्व में ग्रामीण महेंद्र, सनी, रवि साहनी और पूनमचंद देवी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर ताल में कूदकर बचाव कार्य किया और कई भेड़ों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक करीब छह दर्जन भेड़ों की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना तहसील प्रशासन को दे दी गई है। समाजसेवी शब्बीर अहमद ने प्रशासन से प्रभावित गरीब पशुपालकों को शीघ्र उचित मुआवजा देने की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें