अधिक मास के प्रथम सोमवार को सजा शिव का दरबार
रुद्रपुर। अधिक मास के प्रथम सोमवार पर पौराणिक तीर्थस्थल श्री दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। भोर की पहली किरण के साथ ही शिवभक्तों का जनसैलाब मंदिर परिसर पहुंचने लगा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की। पूरे मंदिर परिसर में "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
हर-हर महादेव से गूंजा देवालय
ब्रह्म बेला में सुबह करीब 4:30 बजे मंदिर के पुजारी शंभूनाथ पांडेय ने विधि-विधान के साथ भगवान शिव का श्रृंगार और विशेष आरती संपन्न कराई। इसके बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। सुबह से ही हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ बाबा का अभिषेक किया।
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते थाना प्रभारी
मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर मय फोर्स लगातार परिसर में मुस्तैद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
गौरतलब है कि रुद्रपुर को "छोटी काशी" के नाम से भी जाना जाता है। मान्यता है कि यहां भगवान शिव स्वयंभू रूप में विराजमान हैं, जिसके कारण इस स्थान का धार्मिक महत्व और बढ़ जाता है। शिवरात्रि, सावन और अधिक मास के दौरान यहां लाखों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। अधिक मास के पहले सोमवार को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर इस पौराणिक धाम की आस्था और महत्ता को जीवंत कर दिया।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें