डीएम का सख्त संदेश: योजनाएं फाइलों से निकलकर जमीन तक पहुंचें, कमजोर वर्गों को मिले प्राथमिकता
रुद्रपुर देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में सोशल सेक्टर से जुड़े विभागों की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान डीएम का रुख सख्त और स्पष्ट नजर आया। उन्होंने दो टूक कहा कि योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि पात्र लोगों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचनी चाहिए।
बैठक में डीएम ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सोशल सेक्टर से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करें। शासन की जनहितकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर गांव-गांव और जरूरतमंदों तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने ब्लॉक और तहसील स्तर पर विभागीय तालमेल मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि तहसील दिवस में आने वाले दिव्यांगजनों का चिन्हांकन किया जाए और उनकी आवश्यकतानुसार उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने दिव्यांगजन विवाह प्रोत्साहन योजना को और अधिक सक्रिय बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से जोड़ा जाए। इसके लिए बीडीओ व संबंधित अधिकारियों के माध्यम से लाभार्थियों का चिन्हांकन कर समय से सत्यापन कराया जाए। साथ ही सामूहिक विवाह कार्यक्रम तहसील स्तर पर आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि योजना के तहत दिव्यांग युवक के विवाह पर 15 हजार रुपये, दिव्यांग युवती के विवाह पर 20 हजार रुपये तथा दोनों दिव्यांग होने पर 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग की सामूहिक विवाह योजना, छात्रवृत्ति योजना सहित अन्य योजनाओं की भी गहन समीक्षा की और कहा कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे।
उन्होंने सोशल सेक्टर से जुड़ी आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर विभागीय प्रदर्शन बेहतर रहना चाहिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पाण्डेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें