रुद्रपुर, देवरिया। भीषण गर्मी और हीट वेव के बीच नगर में राहगीरों के लिए एक भी प्याऊ न होने तथा लोगों के प्यास से परेशान होने की खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। खबर को संज्ञान में लेते हुए उप जिलाधिकारी रुद्रपुर अवधेश कुमार निगम ने नगर पंचायत रुद्रपुर व मदनपुर को तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
एसडीएम ने अपने निर्देश में कहा कि लगातार बढ़ती गर्मी के कारण आम जनमानस को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने के कारण लोगों को पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है, जिससे नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
एस डी एम ने प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पारंपरिक प्याऊ/ मटका की व्यवस्था करने का न.प. मदनपुर व रुद्रपुर को जारी किया पत्र
एसडीएम ने नगर पंचायत को निर्देशित किया है कि रुद्रपुर बस स्टेशन, प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पारंपरिक प्याऊ/ मटका की व्यवस्था कराई जाए। इसके साथ ही पूर्व से स्थापित वाटर कूलर और आरओ सिस्टम की तत्काल मरम्मत कर उन्हें चालू कराया जाए, ताकि राहगीरों और स्थानीय लोगों को भीषण गर्मी में ठंडा व स्वच्छ पानी आसानी से उपलब्ध हो सके।
खबर के बाद प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से लोगों में उम्मीद जगी है कि अब नगरवासियों और राहगीरों को गर्मी में प्यास की समस्या से राहत मिल सकेगी। अब देखना होगा कि नगर पंचायत इन निर्देशों को धरातल पर कितनी तेजी से उतारती है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें