देवरिया जनपद में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली। थाना रुद्रपुर पुलिस ने शराब की दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से बोलेरो वाहन भी बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, 18 मई 2026 को चेकिंग अभियान के दौरान थाना रुद्रपुर के प्रभारी निरीक्षक को मुखबिर से सूचना मिली कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में शराब की दुकानों में चोरी करने वाला एक आरोपी बोलेरो वाहन से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू किया।
पुलिस ने आरोपी को कई बार रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार में भागने का प्रयास किया। पीछा करते हुए सेमरौना पुल के पास कब्रिस्तान के निकट आरोपी की गाड़ी सड़क से नीचे उतरकर फंस गई। इसके बाद आरोपी वाहन छोड़कर खेतों की ओर भागने लगा।
पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान प्यारेलाल प्रजापति पुत्र लालचंद्र प्रजापति निवासी जनपद गाजीपुर के रूप में हुई।
प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने बताया कि वह शराब की दुकानों में रखी गुल्लक और नकदी को निशाना बनाता था। पहचान छिपाने के लिए वह दुकानों के डीवीआर भी नष्ट कर देता था ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें।
क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र राय ने बताया घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें