वैठक मे स्वर्ण व्यवसायियो के सुरक्षा व समस्याओं पर की चर्चा
रुद्रपुर/देवरिया। वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों एवं प्रधानमंत्री द्वारा नागरिकों से सोने की खपत कम करने की अपील के मद्देनजर शासन की पहल पर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर की मौजूदगी में जनपद के स्वर्णकार एवं ज्वेलर्स व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान ज्वेलर्स व्यापारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं, शंकाओं एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को अधिकारियों के समक्ष रखा। जिलाधिकारी ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि जो विषय शासन स्तर से संबंधित हैं, उन्हें शासन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों और निर्णयों की जानकारी समय-समय पर व्यापारियों को उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि ज्वेलर्स समाज किसी भी प्रकार के भ्रम या आशंका में न रहे। प्रशासन उनकी सुरक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने व्यापारियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की भी अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स्वर्ण व्यवसायियों और ज्वेलर्स की सुरक्षा प्रशासन एवं पुलिस विभाग की प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। उन्होंने व्यापारियों से अफवाहों से बचने तथा किसी भी स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी वी.के. सिंह, उपायुक्त राज्य कर अमित कुमार सिंह, राजेश प्रताप सिंह सहित स्वर्णकार एवं ज्वेलर्स समाज के कई प्रमुख प्रतिनिधि और व्यापारी उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें