रुद्रपुर, देवरिया। अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा बसंत पंचमी वर्ष 1926 में प्रज्वलित अखंड ज्योति के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे विश्व में चल रहे विचार क्रांति अभियान के क्रम में रुद्रपुर विकासखंड के महुआ पोखर स्थित शिव-दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले पावन प्रज्ञा पुराण कथा एवं नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ को लेकर शनिवार को भव्य कलश एवं शोभायात्रा निकाली गई। .
महुआ पोखर मे गायत्री महायज्ञ को लेकर उमड़ा जन सैलाव
शोभायात्रा का शुभारंभ दुग्धेश्वर नाथ मंदिर से हुआ। गायत्री मंत्रों के गूंजते स्वर, पीतवस्त्रधारी श्रद्धालुओं तथा कलश धारण किए महिलाओं की सहभागिता से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए महुआ पोखर स्थित यज्ञ स्थल पर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं ने बताया कि अखंड ज्योति शताब्दी वर्ष के अवसर पर प्रज्ञा पुराण कथा, गायत्री महायज्ञ एवं विभिन्न संस्कारों के माध्यम से समाज में नैतिक मूल्यों, सद्भावना, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और विचार क्रांति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। यज्ञ का उद्देश्य व्यक्ति, परिवार और समाज के सर्वांगीण उत्थान के साथ विश्व शांति एवं मानव कल्याण की भावना को सशक्त बनाना है।
शोभायात्रा का नेतृत्व टोली नायक सुरेश पांडेय ने किया। इस अवसर पर आयोजक राम दरस कुशवाहा,रामगति कुशवाहा, मुल्कराज, अशोक जी, जनार्दन पांडेय, महेश जायसवाल, दिनेश उर्फ मनीष गुप्ता, मुन्ना साई अजय गिरी, सोनू प्रजापति सहित बड़ी संख्या में गायत्री परिजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
गायत्री परिवार के पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से प्रज्ञा पुराण कथा एवं नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ में सहभागिता कर युग निर्माण आंदोलन को गति देने तथा समाज कल्याण के इस अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें