मां से नाराज होकर दोस्त के साथ चली गई थी मुंबई
रुद्रपुर, देवरिया। थाना रुद्रपुर पुलिस ने करीब एक वर्ष से लापता चल रही एक किशोरी को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। किशोरी अपनी मां से नाराज होकर घर छोड़कर चली गई थी और मुंबई में रह रही थी।
पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत रुद्रपुर पुलिस को यह सफलता मिली।
जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल 2025 को कुशीनगर जनपद के हाटा थाना क्षेत्र के पैकौली गांव निवासी अनिता देवी अपनी पुत्री विद्या के साथ किसी कार्य से रुद्रपुर स्थित काशीपुरम कॉलोनी आई थीं। इसी दौरान उनकी पुत्री अचानक लापता हो गई। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर रुद्रपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
किशोरी की बरामदगी में विलंब होने पर मामले की विवेचना एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) को स्थानांतरित कर दी गई। इसके बाद पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी रही।
शनिवार को उपनिरीक्षक अंकित यादव, कांस्टेबल राजेश यादव तथा महिला कांस्टेबल वंदना यादव ने मुखबिर की सूचना पर कस्बा रुद्रपुर स्थित नाथ बाबा मंदिर के पास से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह अपनी मां से नाराज होकर करीब एक वर्ष पूर्व अपने मित्र सन्नी विश्वकर्मा के साथ मुंबई चली गई थी और वहीं रह रही थी। वहीं बेटी के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें