रुद्रपुर, देवरिया। तहसील प्रशासन एवं पीठासीन अधिकारियों के कार्यालयों की कार्यशैली से नाराज बार एसोसिएशन रुद्रपुर ने 15 जून से धरना-प्रदर्शन शुरू करने का निर्णय लिया है। अधिवक्ताओं का आरोप है कि पूर्व में दिए गए ज्ञापन और मांगपत्रों पर प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यानंद पांडेय के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) रुद्रपुर को पत्रक सौंपकर अपनी मांगों और शिकायतों से अवगत कराया था। अधिवक्ताओं के अनुसार 4 जून को आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर पीठासीन अधिकारियों एवं उनके कार्यालयों की कार्यप्रणाली में सुधार की मांग की गई थी।
बार पदाधिकारियों का कहना है कि न्यायालयों में वादकारियों एवं अधिवक्ताओं को विभिन्न प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार आवश्यक कार्य समय से नहीं हो पाते, जिससे न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित होती है। इस संबंध में प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
जिसके कारण बार एसोसिएशन ने आंदोलन का निर्णय लिया है। जो 15 जून से तहसील परिसर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जो मांगों के समाधान तक जारी रह सकता है।
बार एसोसिएशन के महामंत्री विनोद पाठक सहित रामेश्वर मणि, पंकज शुक्ला, कृष्णमूर्ति मणि एवं अन्य अधिवक्ताओं ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्याओं का समाधान करने तथा न्यायिक व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें