मरीजों को बेहतर इलाज के साथ समय पर मिले स्वास्थ्य सेवाएं डी एम
रुद्रपुर देवरिया। स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी गुरुवार सुबह करीब 8 बजे अचानक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान दोनों अस्पतालों में कुल 29 स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
डीएम पहुंचे अस्पताल लार में 24 भागलपुर अस्पताल में पांच स्वास्थ्य कर्मी मिले अनुपस्थित कारण बताओं नोटिस जारी
सबसे पहले सीएचसी लार पहुंचे जिलाधिकारी ने ओपीडी, प्रसव केंद्र और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उपस्थिति पंजिका की जांच में यहां 24 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्यकर्मी समय से ड्यूटी पर पहुंचें और मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने प्रसव केंद्र में अधिक से अधिक संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने तथा सभी अनुमन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने पीएचसी भागलपुर का निरीक्षण किया। यहां ओपीडी, प्रसव केंद्र, मीटिंग हॉल और परिसर का निरीक्षण करने पर अस्पताल की बाउंड्री वॉल टूटी हुई मिली। इस पर उन्होंने खंड विकास अधिकारी के माध्यम से तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जननी सुरक्षा योजना के बेहतर क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया।
पीएचसी भागलपुर में लो-वोल्टेज और ट्रांसफार्मर की समस्या भी सामने आई। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को शीघ्र ट्रांसफार्मर स्थापित कर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। वहीं एक स्टाफ नर्स के आवास में बिना आवंटन के निवास करने का मामला सामने आने पर उसे खाली कराने का निर्देश दिया गया। इस केंद्र पर भी पांच स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए, जिनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पतालों में साफ-सफाई, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों को समय पर इलाज और बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए, ताकि वे स्वास्थ्य सेवाओं से संतुष्ट रहें। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें