रुद्रपुर (देवरिया)। ओमान के निकट एक वाणिज्यिक पोत पर हुए हमले में जान गंवाने वाले सुरौली थाना निवासी शिवानंद चौरसिया के पैतृक गांव पहुंचकर मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, उप महानिरीक्षक गोरखपुर एस. चन्नप्पा, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।
अधिकारियों ने दिवंगत शिवानंद चौरसिया की माता, पत्नी तथा अन्य परिजनों से भेंट कर इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को ढाढ़स बंधाते हुए कहा कि इस कठिन समय में प्रशासन पूरी तरह उनके साथ खड़ा है तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
गौरतलब है कि बुधवार को शिवानंद चौरसिया का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा था। इस दौरान परिवारजन एवं ग्रामीण आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी तथा बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था की मांग को लेकर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए देर रात तक जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी गांव से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक मौजूद रहे और परिजनों से लगातार संवाद करते रहे।
मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी ने परिवार को भरोसा दिलाया कि शासन स्तर पर उनकी मांगों और समस्याओं को गंभीरता से रखा जाएगा तथा नियमानुसार हर संभव मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
शिवानंद चौरसिया के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार को न्याय एवं उचित सहायता दिलाने की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें