रुद्रपुर/देवरिया। नगर क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए केंद्र सरकार की रिवैम्प (Revamped Distribution Sector Scheme) योजना के तहत कराए गए कार्यों में कथित अनियमितताओं और लापरवाही का मामला सामने आया है। क्षेत्र के हैली बलिया निवासी आरटीआई कार्यकर्ता शब्बीर अहमद ने मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की है।
मुख्यमंत्री को संबोधित अपने प्रार्थना पत्र में शब्बीर अहमद ने आरोप लगाया है कि योजना के तहत जर्जर बिजली तारों और खंभों को बदलकर नए केबिल व पोल लगाए जाने थे, लेकिन नगर की घनी आबादी वाले कई इलाकों में पुराने जर्जर तार और पोल आज भी जस के तस बने हुए हैं। उनका कहना है कि केवल चुनिंदा स्थानों पर केबिल डालकर कार्य पूरा दिखा दिया गया, जबकि वास्तविक जरूरत वाले क्षेत्रों को नजरअंदाज कर दिया गया।
घने आबादी में लटकताबिजली का जर्जर तार कभी भी हो सकती है बड़ी दुर्घटना
शिकायत में शब्बीर अहमद ने कहा कि जामुन चौराहा, थाना रोड, पक्का चौक, जलकल रोड, पुन्नी साहू चौराहा से इमामबाड़ा तक जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में अब भी पुराने तार लगे हुए हैं। इसके चलते तकनीकी खराबियां बढ़ रही हैं, बार-बार लाइन ट्रिप हो रही है और उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी में अनियमित बिजली आपूर्ति का सामना करना पड़ रहा है।
आरटीआई कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि योजना के क्रियान्वयन में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की जांच के लिए समिति गठित कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा नगर क्षेत्र का सर्वे कराकर जर्जर तारों और पोलों को तत्काल बदलवाने की मांग की है।
शब्बीर अहमद ने चेतावनी दी है कि यदि 20 दिनों के भीतर मामले का निस्तारण नहीं किया गया, तो जनहित में तहसील रुद्रपुर परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें