शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समय मे निस्तारण करे सुनिश्चित.एडीएम रामशंकर
रुद्रपुर, देवरिया। तहसील सभागार रुद्रपुर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामशंकर ने की।इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 43 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 9 राजस्व मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।
समाधान दिवस में जमीन, नाली, खड़ंजा एवं चकरोड से संबंधित शिकायतों की अधिकता रही। शिकायतों की सुनवाई करते हुए एडीएम रामशंकर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नही
ए डी एम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा शिकायतकर्ताओं को न्याय दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
देवकली जयराम निवासी सुमन पांडेय ने शिकायत की कि न्यायालय द्वारा यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिए जाने के बावजूद विपक्षी द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है। वहीं पतलादी के पुरवा निवासी शेषनाथ ठाकुर ने विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन दिलाने की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र दिया।
समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 23, पुलिस विभाग की 4, विकास विभाग की 2, खाद्य एवं रसद विभाग की 2 तथा अन्य विभागों की 12 शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से 9 राजस्व मामलों का निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अवधेश निगम, तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा, नायब तहसीलदार अनिल तिवारी, शरद सिंह, खंड विकास अधिकारी एजाज अहमद, पूर्ति निरीक्षक गुफरान शेख, खंड शिक्षा अधिकारी राज किशोर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं राजस्व कर्मी उपस्थित रहे


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें