शनिवार, 25 जुलाई 2026

थाना समाधान दिवस में 21 शिकायतें पहुंचीं, पांच का मौके पर निस्तारण

रुद्रपुर (देवरिया)। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को रुद्रपुर सर्कल के मदनपुर, रुद्रपुर कोतवाली व एकौना थानों में थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। तीनों थानों में कुल 21 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से पांच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र एवं निष्पक्ष समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

मदनपुर थाने में आयोजित थाना समाधान दिवस की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता ने की, जबकि क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र कुमार राय भी मौजूद रहे। यहां कुल सात प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से एक का मौके पर निस्तारण किया गया।

इस अवसर पर एसडीएम राजकुमार गुप्ता ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से समाधान हो। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवाद, कब्जा और अन्य राजस्व संबंधी मामलों में संयुक्त रूप से मौके पर जाकर जांच करें तथा शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

 रुद्रपुर कोतवाली में नायब तहसीलदार अनिल तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित थाना समाधान दिवस में कुल आठ प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से चार का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 एकौना थाने में तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां छह प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, लेकिन किसी भी मामले का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

तीनों थानों में आयोजित समाधान दिवस के दौरान संबंधित थाना प्रभारियों के साथ राजस्व विभाग के कर्मचारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

थाना समाधान दिवस में 21 शिकायतें पहुंचीं, पांच का मौके पर निस्तारण

रुद्रपुर (देवरिया)। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को रुद्रपुर सर...