शनिवार, 25 जुलाई 2026

डीएम के आह्वान पर स्कूल चलो अभियान को मिलेगी नई गति

बीईओ ने ग्राम प्रधानों से मांगा सहयोग

रुद्रपुर (देवरिया)। जनपद में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित स्कूल चलो अभियान को गति देने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर ग्राम पंचायत स्तर पर जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में खंड शिक्षा अधिकारी राज किशोर सिंह ने रुद्रपुर विकासखंड के ग्राम प्रधान डाला मुलायम यादव को जिलाधिकारी द्वारा ग्राम प्रशासकों के नाम जारी पत्र सौंपते हुए अभियान में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।

खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा विद्यालय से वंचित न रहे। उन्होंने ग्राम प्रधान से घर-घर संपर्क कर विद्यालय से बाहर बच्चों का नामांकन कराने, अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर छोटे बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने में सहयोग देने का अनुरोध किया।

उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी ने अपने पत्र में ग्राम प्रशासकों से अपील की है कि वे गांवों में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करें। साथ ही प्राथमिक विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का समय-समय पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करें तथा विद्यालयों में कायाकल्प के 19 मानकों के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग करें।

राज किशोर सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी से स्कूल चलो अभियान को व्यापक सफलता मिलेगी और प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ पहुंच सकेगा। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों एवं अभिभावकों से अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील की।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

थाना समाधान दिवस में 21 शिकायतें पहुंचीं, पांच का मौके पर निस्तारण

रुद्रपुर (देवरिया)। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को रुद्रपुर सर...