रुद्रपुर (देवरिया)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की मांग को लेकर धरने पर बैठे छात्रों के समर्थन में रुद्रपुर क्षेत्र के युवाओं ने भी आवाज बुलंद की है।
शनिवार को मुकुल सर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नायव तहसीलदार अनिल तिवारी को एस डी एम के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए 27 जुलाई को शांतिपूर्ण जन-जागरण रैली एवं जुलूस निकालने की अनुमति मांगी।
ज्ञापन में कहा गया है कि लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे में छात्र-युवाओं एवं जागरूक नागरिकों द्वारा शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांग शासन तक पहुंचाने के लिए जन-जागरण रैली का आयोजन प्रस्तावित है।
ज्ञापन के अनुसार, 27 जुलाई (सोमवार) को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक रैली सतासी इंटर कॉलेज, रुद्रपुर से शुरू होकर खजुहा चौराहा, बस स्टेशन होते हुए तहसील परिसर पहुंचेगी, जहां राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। आयोजकों ने प्रशासन को आश्वस्त किया है कि कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संविधान सम्मत होगा तथा कानून-व्यवस्था एवं प्रशासनिक निर्देशों का पूर्ण पालन किया जाएगा।
इस अवसर पर मुकुल सर सहित आर्यन, संजय कुमार यादव, आलोक यादव, राजकुमार, विनीत नायक, धीरज उपाध्याय, अभिषेक पांडेय, गौरव, रामप्रवेश भारती और अर्चित भारती सहित अन्य युवा उपस्थित थे

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें