शनिवार, 18 जुलाई 2026

आरसीसी नाले के निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल

समय से पहले सांचा खोलने से दीवारों में पड़ रहीं दरारें


रुद्रपुर, देवरिया। नगर में जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से विभिन्न वार्डों में आरसीसी नालों का निर्माण कराया जा रहा है। लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। लाला टोली वार्ड में निर्माणाधीन आरसीसी नाले की दीवारों में सांचा समय से पहले हटाने के कारण दरारें पड़ने का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार बस स्टेशन मार्ग से दाहिनी ओर स्थित लाला टोली वार्ड में कार्यदायी संस्था द्वारा आरसीसी नाले का निर्माण कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाले की दीवारों में लगाए गए सांचे को कंक्रीट के पूरी तरह मजबूत होने से पहले ही खोल दिया जा रहा है। इससे दीवारों में दरारें पड़ रही हैं। बाद में इन दरारों को सीमेंट का लेप लगाकर भर दिया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं दिया गया तो लाखों रुपये की लागत से बन रहा यह नाला भविष्य में क्षतिग्रस्त हो सकता है और सरकारी धन का दुरुपयोग साबित होगा। लोगों ने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराते हुए मानकों के अनुरूप कार्य कराने की मांग की है।

ईओ बोले— गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा

इस संबंध में अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव ने बताया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर कार्यदायी संस्था को पहले भी सीमेंट और गिट्टी के मानकों के पालन के लिए आगाह किया जा चुका है। यदि कहीं भी निर्माण में अनियमितता या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित कार्यदायी संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

सीडीओ ने पेयजल परियोजना व राजकीय नलकूप तथा विद्यालय का किया निरीक्षण .गुणवत्ता और संचालन पर दिया जोर

रुद्रपुर, देवरिया। तहसील समाधान दिवस में शामिल होने के बाद मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) राजेश कुमार सिंह ने शनिवार को विकासखंड रुद्रपुर के वि...