रुद्रपुर (देवरिया)। नगर में एक काले बंदर का आतंक लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। बंदर दुकानों में घुसकर बैठ जा रहा है और उसे भगाने की कोशिश करने पर लोगों पर हमला कर काट लेता है। इसके कारण दुकानदारों और राहगीरों में दहशत का माहौल है।
सोमवार को खजुआ चौराहे से लेकर इमामबाड़ा चौराहे तक बंदर का आतंक देखने को मिला। कई दुकानदारों ने बताया कि बंदर अचानक दुकानों में घुस जाता है। जब लोग उसे बाहर निकालने का प्रयास करते हैं तो वह आक्रामक होकर दौड़ाता है और काट लेता है। भय के कारण कई दुकानदारों को कुछ समय के लिए अपनी दुकानें बंद कर सुरक्षित स्थान पर जाना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों को बंदर काट चुका है। खजुआ चौराहा स्थित भरटोला वार्ड में एक युवक पर बंदर ने हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई और मांस तक बाहर निकल आया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
दवा व्यवसायी सतीश जायसवाल ने बताया कि बंदर को पकड़वाने के लिए पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस ने वन विभाग से संपर्क करने की सलाह दी, जबकि वन विभाग ने नगर पंचायत का मामला बताते हुए जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। नगर पंचायत की ओर से भी तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह बंदर पहले ग्रामीण क्षेत्र में उत्पात मचा रहा था और अब नगर में पहुंच गया है। दुकानदारों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि बंदर को शीघ्र पकड़वाया जाए, ताकि किसी बड़ी घटना से पहले लोगों को राहत मिल सके।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें